रायपुर । छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना के 26वें गौरवशाली वर्ष के अवसर पर बस्तर जिला मुख्यालय जगदलपुर में जिला स्तरीय राज्योत्सव-2026 का भव्य आयोजन किया गया। ‘सशक्त नारी, युवा उड़ान’ की केंद्रीय थीम पर आयोजित समारोह में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों और आम नागरिकों ने बस्तर को शांति, समृद्धि और विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का संकल्प दोहराया।
समारोह का शुभारंभ करते हुए जगदलपुर विधायक श्री किरण सिंह देव ने भारत रत्न एवं पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी को याद किया। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ राज्य के निर्माण में अटल बिहारी वाजपेयी का योगदान अविस्मरणीय है। उन्होंने छत्तीसगढ़ के लोगों की भावनाओं और आकांक्षाओं का सम्मान करते हुए राज्य निर्माण का ऐतिहासिक निर्णय लिया था।
70 लाख से अधिक महिलाओं को मिल रहा महतारी वंदन योजना का लाभ
विधायक किरण सिंह देव ने प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकार का प्रयास समाज के अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है।
उन्होंने बताया कि किसानों से 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी की व्यवस्था की गई है। वहीं महतारी वंदन योजना के माध्यम से प्रदेश की 70 लाख से अधिक महिलाओं के बैंक खातों में प्रतिमाह 1000 रुपये की राशि भेजी जा रही है।
उन्होंने कहा कि युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए जगदलपुर में 24 घंटे संचालित नालंदा परिसर जैसी आधुनिक अध्ययन सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। इसके अलावा धुड़मारास को हेरिटेज विलेज के रूप में विकसित करने, होम-स्टे और पर्यटन कॉरिडोर जैसी पहल से स्थानीय युवाओं के लिए स्वरोजगार के नए अवसर तैयार हो रहे हैं।
नारी शक्ति और युवा ऊर्जा से बदलेगा बस्तर : महापौर
नगर पालिक निगम जगदलपुर के महापौर श्री संजय पाण्डे ने कहा कि नारी शक्ति और युवा ऊर्जा नए बस्तर के निर्माण का सबसे मजबूत आधार हैं।
उन्होंने कहा कि दशकों तक माओवादी हिंसा का सामना करने वाला बस्तर अब शांति और विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है। बस्तर की बेटियां आज देश की सीमाओं की सुरक्षा से लेकर खेल, नवाचार, स्टार्टअप और डिजिटल इंडिया के मंचों पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रही हैं।
महापौर ने बस्तर ओलंपिक और बस्तर पंडुम जैसी पहलों की सराहना करते हुए कहा कि इन आयोजनों ने स्थानीय प्रतिभाओं को नई पहचान दी है। आज का युवा केवल नौकरी तलाशने वाला नहीं, बल्कि अपने कौशल और तकनीक के माध्यम से रोजगार उपलब्ध कराने वाला भी बन रहा है।
माओवाद मुक्त बस्तर के बाद विकास को मिली नई दिशा : कलेक्टर
बस्तर कलेक्टर श्री आकाश छिकारा ने जिले की विकास यात्रा की जानकारी देते हुए कहा कि सुरक्षा बलों के सर्वोच्च बलिदान और जनसहयोग के परिणामस्वरूप 31 मार्च 2026 को बस्तर क्षेत्र का माओवाद मुक्त होना एक ऐतिहासिक पड़ाव साबित हुआ।
उन्होंने कहा कि अब प्रशासन का विशेष ध्यान शांति स्थापित करने, बुनियादी सुविधाओं के विस्तार और विकास कार्यों को तेजी से पूरा करने पर केंद्रित है।
सड़क, रेल और हवाई कनेक्टिविटी को मिल रही गति
कलेक्टर ने बताया कि प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत लगभग 8,700 करोड़ रुपये की लागत से अंदरूनी क्षेत्रों तक सड़क नेटवर्क का विस्तार किया जा रहा है।
इसके साथ ही गीदम-भोपालपटनम फोरलेन कॉरिडोर और अंतागढ़-जगदलपुर रेल परियोजना पर काम तेजी से जारी है। रायपुर और हैदराबाद के लिए नियमित हवाई सेवाएं भी क्षेत्र की कनेक्टिविटी को मजबूत कर रही हैं।
उन्होंने बस्तर मावा अभियान, पूना नर्कोम, 10 हजार से अधिक देवगुड़ी एवं मातागुड़ी स्थलों के संरक्षण तथा मेडिकल कॉलेज और सुपर स्पेशलिटी अस्पताल जैसी परियोजनाओं को जिले के विकास के लिए महत्वपूर्ण बताया।
इसके अलावा देऊरगांव और मटनार सिंचाई परियोजनाओं से कृषि क्षेत्र को नई दिशा मिलने की उम्मीद जताई।
कलेक्टर ने वर्ष 2031 तक बस्तर के प्रत्येक गांव को सड़क, बिजली, शुद्ध पेयजल, शिक्षा, स्वास्थ्य और डिजिटल सुविधाओं से जोड़कर पूर्ण विकसित क्षेत्र बनाने का संकल्प दोहराया।
योजनाओं के हितग्राहियों को मिला लाभ, प्रतिभाओं का हुआ सम्मान
राज्योत्सव के दौरान अतिथियों ने विभिन्न विभागों की ओर से लगाई गई विकास प्रदर्शनी का अवलोकन किया और नागरिकों से शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का अधिकाधिक लाभ उठाने की अपील की।
इस अवसर पर विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों को आयुष्मान कार्ड, भूमि स्वामित्व दस्तावेज सहित अन्य सहायता सामग्री प्रदान की गई।
मां दंतेश्वरी के दर्शन के लिए जाने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा हेतु संचालित पदयात्री सेवा केंद्र में व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने वाले समाजसेवियों और स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
वहीं सांस्कृतिक कार्यक्रमों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले स्कूली विद्यार्थियों और पारंपरिक लोक कलाकारों को पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की रही उपस्थिति
कार्यक्रम में नगर निगम सभापति श्री खेमसिंह देवांगन सहित क्षेत्र के अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। इसके अलावा बस्तर कमिश्नर श्री डोमन सिंह, आईजी श्री बद्रीनारायण मीणा, जिला पंचायत सीईओ श्री तन्मय खन्ना, जिला प्रशासन के अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक शामिल हुए।
राज्योत्सव के माध्यम से बस्तर की सांस्कृतिक विरासत, जनजातीय पहचान, महिला सशक्तिकरण और युवा विकास के साथ क्षेत्र को समृद्ध बनाने का संदेश दिया गया।