मतदाता सूची की सही जानकारी के लिए डाउनलोड करें ECINET ऐप, परिजनों को भी करें जागरूक : के. रवि कुमार

रांची । झारखंड के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने युवाओं से मतदाता सूची में पंजीकरण और निर्वाचन संबंधी प्रक्रियाओं की विश्वसनीय जानकारी प्राप्त करने के लिए ECINET ऐप डाउनलोड करने की अपील की है। उन्होंने लोगों से अपने परिजनों और परिचितों को भी इस ऐप के प्रति जागरूक करने का आग्रह किया।

इस संबंध में श्री कुमार ने मंगलवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से उच्च एवं तकनीकी शिक्षा विभाग के अंतर्गत आने वाले सभी शैक्षणिक संस्थानों के प्राचार्यों और निदेशकों के साथ बैठक की।

युवा मतदाताओं का पंजीकरण सुनिश्चित करने के निर्देश

बैठक में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम-2026 के तहत नए और पात्र युवा मतदाताओं का नाम मतदाता सूची में दर्ज कराने पर विशेष जोर दिया गया।

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने सभी शैक्षणिक संस्थानों को निर्देश दिया कि वे अपने यहां मतदाता जागरूकता अभियान को प्रभावी बनाएं, ताकि पात्र विद्यार्थियों का पंजीकरण सुनिश्चित हो सके और उन्हें निर्वाचन प्रक्रिया की सही जानकारी मिल सके।

5 नवंबर को चलेगा विशेष सोशल मीडिया अभियान

के. रवि कुमार ने सभी उच्चतर शिक्षण संस्थानों में 5 नवंबर 2026 को विशेष सोशल मीडिया जागरूकता अभियान आयोजित करने के निर्देश दिए।

यह अभियान दोपहर 12 बजे से अपराह्न 1 बजे तक एक घंटे चलेगा। इसके माध्यम से विद्यार्थियों और युवाओं को मतदाता पंजीकरण, मतदाता सूची के पुनरीक्षण और निर्वाचन संबंधी प्रक्रियाओं के प्रति जागरूक किया जाएगा।

युवाओं की भागीदारी बढ़ाने पर जोर

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में प्रत्येक पात्र नागरिक का मतदाता सूची में पंजीकरण महत्वपूर्ण है। शैक्षणिक संस्थान युवाओं तक निर्वाचन संबंधी जानकारी पहुंचाने में अहम भूमिका निभा सकते हैं।

उन्होंने अपील की कि सभी पात्र युवा ECINET ऐप डाउनलोड करें और अपने परिवार के सदस्यों को भी इसके उपयोग के लिए प्रेरित करें, ताकि मतदाता सूची से जुड़ी सही और विश्वसनीय जानकारी अधिक से अधिक लोगों तक पहुंच सके।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *