ग्लेन मैक्सवेल ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को कहा अलविदा, अब बिग बैश लीग में खेलते आएंगे नजर

मेलबर्न । ऑस्ट्रेलिया के स्टार ऑलराउंडर ग्लेन मैक्सवेल ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने का ऐलान कर दिया है। 38 वर्षीय मैक्सवेल अब प्रथम श्रेणी क्रिकेट और लिस्ट-ए क्रिकेट से भी दूरी बनाएंगे। हालांकि, वह बिग बैश लीग (BBL) में मेलबर्न स्टार्स की ओर से खेलना जारी रखेंगे।

मैक्सवेल का मेलबर्न स्टार्स के साथ अनुबंध 2027-28 सीजन तक बढ़ा दिया गया है। इससे साफ है कि अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को अलविदा कहने के बावजूद प्रशंसकों को उनकी बल्लेबाजी और गेंदबाजी का जलवा बिग बैश लीग में देखने को मिलता रहेगा।

पहले वनडे से लिया था संन्यास

मैक्सवेल ने पिछले साल जून में वनडे अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले लिया था। हालांकि, उन्होंने टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के लिए अपनी उपलब्धता बरकरार रखी थी। उन्होंने 2026 में टी20 विश्व कप में भी ऑस्ट्रेलियाई टीम का प्रतिनिधित्व किया था।

इस टूर्नामेंट में ऑस्ट्रेलिया की टीम ग्रुप चरण से आगे नहीं बढ़ सकी थी। इसके बाद अब मैक्सवेल ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के सभी प्रारूपों से विदाई लेने का फैसला किया है।

आक्रामक बल्लेबाजी के लिए रहे मशहूर

ग्लेन मैक्सवेल अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी, शानदार फील्डिंग और उपयोगी ऑफ स्पिन गेंदबाजी के लिए जाने जाते हैं। सीमित ओवरों के क्रिकेट में उन्होंने कई यादगार पारियां खेलकर ऑस्ट्रेलियाई टीम को महत्वपूर्ण मुकाबलों में जीत दिलाने में योगदान दिया।

उनके संन्यास के साथ अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में ऑस्ट्रेलिया के एक चर्चित ऑलराउंडर का सफर समाप्त हो गया है। हालांकि, बिग बैश लीग में उनका खेलना जारी रहना क्रिकेट प्रशंसकों के लिए राहत की खबर है।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *