रायपुर । छत्तीसगढ़ राज्योत्सव-2026 के दूसरे दिन सोमवार को नवा रायपुर अटल नगर स्थित राज्योत्सव मैदान में सांस्कृतिक कार्यक्रमों की भव्य प्रस्तुतियां होंगी। इस अवसर पर लोककला, शास्त्रीय नृत्य, नाट्य मंचन और संगीत के माध्यम से छत्तीसगढ़ की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत की झलक देखने को मिलेगी।
सांस्कृतिक समारोह में राज्यपाल रमेन डेका मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। वहीं, कार्यक्रम की अध्यक्षता पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल करेंगे।
शाम 6 बजे से शुरू होंगे कार्यक्रम
आधिकारिक जानकारी के अनुसार, तीन दिवसीय राज्योत्सव के दूसरे दिन मुख्य मंच पर शाम 6 बजे से सांस्कृतिक कार्यक्रमों का शुभारंभ होगा। इस दौरान विभिन्न कलाकार अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से दर्शकों का मनोरंजन करेंगे और प्रदेश की लोक एवं सांस्कृतिक परंपराओं को मंच पर जीवंत करेंगे।
कई जनप्रतिनिधि होंगे शामिल
समारोह में विधायक राजेश मूणत, पुरंदर मिश्रा, मोतीलाल साहू, सुनील सोनी, अनुज शर्मा और इंद्र कुमार साहू विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
राज्योत्सव के दूसरे दिन आयोजित होने वाले ये कार्यक्रम प्रदेश की कला, संस्कृति और परंपराओं को प्रोत्साहित करने के साथ ही कलाकारों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का महत्वपूर्ण अवसर प्रदान करेंगे।