रायपुर । छत्तीसगढ़ हॉकी लीग के पहले संस्करण का खिताब मैनपाट टाइटंस ने अपने नाम कर लिया है। रोमांच से भरपूर फाइनल मुकाबले में मैनपाट टाइटंस ने संस्कारधानी स्ट्राइकर्स को 4-2 गोल से हराकर लीग की पहली चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया। शानदार टीमवर्क, आक्रामक खेल और अंतिम समय में किए गए दो निर्णायक गोलों की बदौलत मैनपाट टाइटंस ने खिताब पर कब्जा जमाया।
फाइनल मुकाबला मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, केंद्रीय युवा मामले एवं खेल मंत्री डॉ. मनसुख मंडाविया, उप मुख्यमंत्री अरुण साव और विजय शर्मा सहित अनेक विशिष्ट अतिथियों की उपस्थिति में संपन्न हुआ। अतिथियों ने विजेता एवं उपविजेता टीमों के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को पुरस्कार प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया।
तीसरे क्वार्टर में बराबरी, अंतिम समय में मैनपाट का पलटवार
मैनपाट टाइटंस ने फाइनल मुकाबले की शुरुआत से ही आक्रामक रुख अपनाया और शुरुआती मिनटों में कई अच्छे मूव बनाते हुए विपक्षी टीम पर दबाव बनाया। दोनों टीमों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला।
तीसरे क्वार्टर में मैनपाट टाइटंस ने संदीप कुमार के पेनल्टी कॉर्नर पर किए गए गोल की बदौलत स्कोर 2-1 कर दिया। हालांकि, संस्कारधानी स्ट्राइकर्स ने भी जवाबी हमला करते हुए पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदल दिया और मुकाबला 2-2 की बराबरी पर पहुंच गया।
इसके बाद अंतिम समय में मैनपाट टाइटंस के खिलाड़ियों ने बेहतरीन तालमेल और आक्रामक खेल का प्रदर्शन करते हुए लगातार दो गोल दागे। इस तरह टीम ने 4-2 से मुकाबला जीतकर छत्तीसगढ़ हॉकी लीग की पहली ट्रॉफी अपने नाम कर ली।
विजेता को 11 लाख, उपविजेता को 6 लाख रुपये
छत्तीसगढ़ सरकार के खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा आयोजित इस लीग में प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों का प्रतिनिधित्व करने वाली छह फ्रेंचाइजी टीमों ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता में कुल 21 लाख रुपये की पुरस्कार राशि वितरित की गई।
- विजेता मैनपाट टाइटंस – 11 लाख रुपये।
- उपविजेता संस्कारधानी स्ट्राइकर्स – 6 लाख रुपये।
शाहरुख अली बने प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट
पूरी प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को विभिन्न व्यक्तिगत पुरस्कारों से सम्मानित किया गया।
- प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट: शाहरुख अली।
- टॉप स्कोरर: आशीष तानी पूर्ति (13 गोल)।
- सर्वश्रेष्ठ गोलकीपर: हिमांशु।
- सर्वश्रेष्ठ छत्तीसगढ़ खिलाड़ी: मोहित नायक।
- इमर्जिंग प्लेयर (अंडर-21): संदीप कुमार।
- स्ट्राइकर ऑफ द मैच: संस्कारधानी स्ट्राइकर्स के अभिषेक।
स्थानीय खिलाड़ी मोहित नायक ने पूरे टूर्नामेंट में अपने शानदार प्रदर्शन से खास पहचान बनाई और उन्हें सर्वश्रेष्ठ छत्तीसगढ़ खिलाड़ी के पुरस्कार से नवाजा गया।
छत्तीसगढ़ हॉकी लीग के सफल आयोजन और मैनपाट टाइटंस की ऐतिहासिक जीत ने प्रदेश में हॉकी के भविष्य को लेकर नई उम्मीदें जगाई हैं। इस लीग के माध्यम से राज्य के खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का बड़ा मंच मिला है।