प्रभु श्रीराम का जीवन संघर्ष, त्याग, सेवा और मर्यादा की प्रेरणा देता है : वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी

रायपुर । छत्तीसगढ़ के वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक ओ.पी. चौधरी ने कहा कि भगवान श्रीराम का जीवन केवल धार्मिक आस्था का विषय नहीं, बल्कि संपूर्ण मानवता के लिए आदर्श और प्रेरणा का स्रोत है। उनके जीवन से संघर्ष, त्याग, सेवा, मर्यादा और कर्तव्यनिष्ठा की सीख मिलती है। हमें कठिन परिस्थितियों में भी विचलित हुए बिना समाज और मानवता के कल्याण के लिए कार्य करते रहना चाहिए।

वित्त मंत्री शनिवार को रायगढ़ के पंजरी प्लांट स्थित संत पूज्य श्री प्रियदर्शी राम ऑडिटोरियम में आयोजित सम्मान समारोह को संबोधित कर रहे थे। यह कार्यक्रम श्री रामलला दर्शन योजना एवं मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के तहत तीर्थयात्रा से लौटे वरिष्ठ नागरिकों के सम्मान में आयोजित किया गया। इस अवसर पर उन्होंने जिले के 981 वरिष्ठ नागरिकों को श्रीरामचरित मानस पुस्तिका, व्यास वेदी और शॉल भेंटकर सम्मानित किया। इनमें ग्रामीण क्षेत्रों के 861 और शहरी क्षेत्रों के 120 वरिष्ठ नागरिक शामिल थे।

छत्तीसगढ़ से भगवान श्रीराम का गहरा सांस्कृतिक संबंध

ओ.पी. चौधरी ने कहा कि छत्तीसगढ़ भगवान श्रीराम का ननिहाल है। माता कौशल्या का संबंध छत्तीसगढ़ से होने के कारण प्रदेश का भगवान श्रीराम से विशेष सांस्कृतिक और भावनात्मक जुड़ाव है। यहां भगवान श्रीराम को स्नेहपूर्वक ‘भांचा राम’ कहा जाता है। भांचा के प्रति आदर और उनके चरण स्पर्श करने की परंपरा प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को दर्शाती है।

उन्होंने कहा कि भगवान श्रीराम के आदर्श आज भी समाज को सही दिशा प्रदान करते हैं। उनके जीवन में पारिवारिक मूल्यों, सामाजिक समरसता, मर्यादा और लोककल्याण का अद्भुत समन्वय दिखाई देता है।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में वरिष्ठजनों को मिल रहा तीर्थयात्रा का अवसर

वित्त मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार ने वरिष्ठ नागरिकों की धार्मिक भावनाओं का सम्मान करते हुए मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना को दोबारा शुरू किया है। वहीं, सरकार के पहले बजट में श्री रामलला दर्शन योजना प्रारंभ की गई, जिससे छत्तीसगढ़ के श्रद्धालुओं को अयोध्या धाम में प्रभु श्रीराम के दर्शन का अवसर मिल रहा है।

उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि अधिक से अधिक वरिष्ठ नागरिकों को तीर्थयात्रा का लाभ मिले। यात्रा के दौरान आवागमन और अन्य आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था की जा रही है, ताकि बुजुर्ग श्रद्धालु सुविधाजनक तरीके से अपनी धार्मिक यात्रा पूरी कर सकें।

एक लाख श्रीरामचरित मानस पुस्तिकाएं वितरित करने का संकल्प

ओ.पी. चौधरी ने बताया कि अयोध्या धाम में प्रभु श्रीराम के दर्शन के दौरान उन्होंने छत्तीसगढ़ में कम से कम एक लाख श्रीरामचरित मानस पुस्तिकाएं और व्यास वेदी वितरित करने का संकल्प लिया था। इसी संकल्प को पूरा करने के लिए विभिन्न स्थानों पर कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि श्रीरामचरित मानस भारतीय संस्कृति, जीवन मूल्यों और आदर्शों का महत्वपूर्ण ग्रंथ है। इसके माध्यम से नई पीढ़ी को भगवान श्रीराम के आदर्श जीवन, मर्यादा और कर्तव्यबोध से परिचित कराने का प्रयास किया जा रहा है।

सांसदों ने भी की योजनाओं की सराहना

लोकसभा सांसद राधेश्याम राठिया ने कहा कि छत्तीसगढ़ माता कौशल्या की जन्मभूमि और भगवान श्रीराम का ननिहाल है। राज्य सरकार की तीर्थ दर्शन योजनाओं से अनेक वरिष्ठ नागरिकों का वर्षों पुराना सपना पूरा हुआ है। अयोध्या धाम में प्रभु श्रीराम के दर्शन कर लौटे श्रद्धालुओं की प्रसन्नता इन योजनाओं की सार्थकता को दर्शाती है।

राज्यसभा सांसद देवेंद्र प्रताप सिंह ने मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना और श्री रामलला दर्शन योजना को धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया। उन्होंने ओ.पी. चौधरी के एक लाख श्रीरामचरित मानस पुस्तिकाएं और व्यास वेदी वितरित करने के संकल्प की भी सराहना की।

जिला पंचायत अध्यक्ष शिखा रवींद्र गबेल ने भी वरिष्ठ नागरिकों को तीर्थयात्रा का अवसर उपलब्ध कराने के लिए राज्य सरकार के प्रति आभार जताया।

छह चरणों में 981 वरिष्ठ नागरिकों ने किए रामलला के दर्शन

अक्टूबर 2025 से अक्टूबर 2026 के बीच श्री रामलला दर्शन योजना के अंतर्गत रायगढ़ जिले के वरिष्ठ नागरिकों को छह चरणों में अयोध्या धाम की यात्रा कराई गई। इसी अवधि में मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के तहत भी एक यात्रा आयोजित की गई। इन यात्राओं से लाभान्वित कुल 981 वरिष्ठ नागरिकों को सम्मान समारोह में सम्मानित किया गया।

इस दौरान तीर्थयात्रा से लौटे वरिष्ठ नागरिकों ने अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने बताया कि अयोध्या जाकर प्रभु श्रीराम के दर्शन करना उनका वर्षों पुराना सपना था, जिसे राज्य सरकार की योजना ने पूरा कर दिया। श्रद्धालुओं ने यात्रा के दौरान मिली सुविधाओं और व्यवस्थाओं की भी सराहना की।

सुंदरकांड पाठ से हुआ कार्यक्रम का शुभारंभ

सम्मान समारोह की शुरुआत सुंदरकांड पाठ और सामूहिक हनुमान चालीसा के वाचन से हुई। वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी ने भगवान श्रीराम के छायाचित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर पूजा-अर्चना की और रामायण आरती में शामिल हुए।

इस अवसर पर सुंदरकांड पाठ करने वाले दल के सदस्यों तथा जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अभिजीत बबन पठारे एवं उनकी टीम को भी स्मृति चिह्न और श्रीरामचरित मानस पुस्तिका भेंटकर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में लोकसभा सांसद राधेश्याम राठिया, राज्यसभा सांसद देवेंद्र प्रताप सिंह, नगर निगम महापौर जीवर्धन चौहान, जिला पंचायत अध्यक्ष शिखा रवींद्र गबेल, नगर निगम सभापति डिग्री लाल साहू, जिला पंचायत उपाध्यक्ष दीपक सिदार सहित अनेक जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में वरिष्ठ नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में महापौर जीवर्धन चौहान ने आभार व्यक्त किया।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *