अमित शाह आज शाम पहुंचेंगे चंडीगढ़, कल 258 करोड़ की विकास परियोजनाओं का करेंगे उद्घाटन-शिलान्यास

चंडीगढ़  । केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह शनिवार शाम चंडीगढ़ पहुंचेंगे। उनके दौरे को लेकर चंडीगढ़ और पंचकूला में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, एयरपोर्ट पहुंचने के बाद वे सीधे पंचकूला जाएंगे, जहां रात्रि विश्राम करेंगे। रविवार, 1 नवंबर को वे चंडीगढ़ पुलिस के 60वें स्थापना दिवस समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। इस दौरान वे शहर की करीब 258 करोड़ रुपए की विभिन्न विकास एवं आधारभूत संरचना परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास भी करेंगे।

चंडीगढ़ पुलिस को प्रदान करेंगे राष्ट्रपति पुलिस कलर

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह रविवार सुबह करीब 10:20 बजे सेक्टर-26 स्थित पुलिस लाइंस पहुंचेंगे। यहां चंडीगढ़ पुलिस के 60वें राइजिंग डे के अवसर पर आयोजित भव्य परेड समारोह में शामिल होंगे। इस अवसर पर वे चंडीगढ़ पुलिस को राष्ट्रपति पुलिस कलर प्रदान करेंगे। यह सम्मान पुलिस बल की उत्कृष्ट सेवाओं, कर्तव्यनिष्ठा और उपलब्धियों के लिए दिया जाता है।

समारोह में परेड निरीक्षण, मार्च पास्ट और अन्य औपचारिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके साथ ही गृह मंत्री पुलिसकर्मियों और उपस्थित लोगों को संबोधित करेंगे।

258 करोड़ की परियोजनाओं की देंगे सौगात

पुलिस समारोह के बाद अमित शाह सेक्टर-17 स्थित तिरंगा पार्क में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगे। यहां वे लगभग 258 करोड़ रुपए की विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे।

इन परियोजनाओं में सारंगपुर स्थित सरकारी हाई स्कूल, रायपुर कलां में चंडीगढ़ ट्रांसपोर्ट अंडरटेकिंग के बस डिपो और पंजाब विश्वविद्यालय एवं पीजीआईएमईआर को जोड़ने वाले पैदल अंडरपास सहित कई महत्वपूर्ण विकास कार्य शामिल हैं।

इसके अलावा पुलिस आवास, नए पुलिस स्टेशन, शैक्षणिक संस्थानों में सुविधाओं के विस्तार और शहर की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने से जुड़ी परियोजनाओं की भी शुरुआत की जाएगी।

सुरक्षा के कड़े इंतजाम, 2500 पुलिसकर्मी रहेंगे तैनात

केंद्रीय गृह मंत्री के दौरे को देखते हुए चंडीगढ़ और पंचकूला में बहुस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था की गई है। मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, करीब 2500 पुलिसकर्मियों को सुरक्षा ड्यूटी पर तैनात किया गया है। कार्यक्रम स्थलों, वीवीआईपी आवागमन वाले मार्गों और आसपास की संवेदनशील जगहों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी।

चंडीगढ़ पुलिस ने आम नागरिकों से यातायात संबंधी दिशा-निर्देशों का पालन करने और निर्धारित मार्गों पर ही आवागमन करने की अपील की है। वीआईपी मूवमेंट के दौरान कई प्रमुख मार्गों पर यातायात डायवर्ट किया जाएगा।

गृह मंत्री अमित शाह का यह दौरा चंडीगढ़ पुलिस के छह दशक पूरे होने और शहर के स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रमों के लिहाज से महत्वपूर्ण है। विकास परियोजनाओं की शुरुआत से शहर में आधारभूत सुविधाओं, सार्वजनिक परिवहन, शिक्षा और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूती मिलने की उम्मीद है।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *