रायपुर। बंगाल की खाड़ी में बने चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ का असर छत्तीसगढ़ में दिखने लगा है। रायपुर, रायगढ़ और गरियाबंद में बूंदाबांदी हो रही है, जबकि कई इलाकों में तेज हवाएं चल रही हैं। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे के दौरान प्रदेश के 12 जिलों में भारी से अति भारी बारिश की चेतावनी जारी की है।
मौसम विभाग के अनुसार, बालोद, बलौदाबाजार, बस्तर, बीजापुर, दंतेवाड़ा, धमतरी, दुर्ग, कांकेर, महासमुंद, नारायणपुर, रायपुर और सुकमा में भारी बारिश, गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं। हवा की रफ्तार 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे रहने की संभावना है। कुछ इलाकों में हवा की गति 90 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।
कई जिलों में स्कूल बंद
खराब मौसम की आशंका को देखते हुए बस्तर, रायपुर, गरियाबंद, रायगढ़ और दुर्ग सहित सरगुजा संभाग के सभी जिलों में स्कूल बंद रखने का फैसला लिया गया है। प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और जरूरी काम होने पर ही घरों से बाहर निकलने की अपील की है।
किसानों को फसल सुरक्षित रखने की सलाह
बारिश और तेज हवाओं को देखते हुए किसानों को पक चुकी धान, दलहन और तिलहन फसलों की कटाई अगले दो से चार दिनों तक टालने की सलाह दी गई है। जिन किसानों ने फसल काट ली है, उन्हें उपज सुरक्षित और ऊंचे स्थानों पर रखने को कहा गया है, ताकि बारिश से नुकसान कम हो सके।
प्रशासन और संबंधित विभाग मौसम की स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। लोगों को सलाह दी गई है कि तेज हवाओं और आकाशीय बिजली के दौरान खुले स्थानों तथा पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचें।