तिल्दा-नेवरा। रायपुर जिले में अवैध मादक पदार्थों की बिक्री और परिवहन पर अंकुश लगाने के लिए तिल्दा-नेवरा पुलिस द्वारा ऑपरेशन ‘निश्चय’ के तहत लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी अभियान के तहत पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में एक युवक और एक महिला को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 2 किलो गांजा, 30 नशीली टेबलेट, एक बटनदार गुप्तीनुमा चाकू और 24 पौव्वा देशी मदिरा मसाला जब्त की है।
पुलिस के अनुसार, जब्त सामग्री की कीमत गांजा, नशीली टेबलेट और चाकू के मामले में 1 लाख 12 हजार आंकी गई है। वहीं, अवैध शराब के मामले में शराब और बिक्री की रकम सहित कुल 2,700 जब्त किए गए हैं।
गांजा, नशीली टेबलेट और चाकू के साथ युवक गिरफ्तार
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, तिल्दा-नेवरा थाना क्षेत्र के देवारपारा स्थित एक खंडहर भवन के पास झाड़ियों में एक व्यक्ति द्वारा प्लास्टिक की बोरी में गांजा और प्रतिबंधित नशीली टेबलेट रखकर बिक्री के लिए ग्राहक तलाशने की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर थाना प्रभारी निरीक्षक रमाकांत तिवारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी कर संदिग्ध को पकड़ा।
तलाशी के दौरान पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 2 किलोग्राम गांजा, 30 नग नशीली टेबलेट और एक बटनदार गुप्तीनुमा चाकू बरामद किया। आरोपी की पहचान दिनेश कुमार वर्मा उर्फ लेखू (20 वर्ष), निवासी ग्राम घुलघुल, थाना तिल्दा-नेवरा, जिला रायपुर के रूप में हुई है।
इस मामले में अपराध क्रमांक 469/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी), 22(सी) और आर्म्स एक्ट की धारा 25 के अंतर्गत अपराध दर्ज किया गया। पुलिस के अनुसार, आरोपी को न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में पेश करने के बाद केंद्रीय जेल रायपुर भेज दिया गया।

24 पौव्वा देशी शराब के साथ महिला पकड़ी गई
दूसरी कार्रवाई में पुलिस को नसीब ढाबा के पीछे, देवारपारा तिल्दा-नेवरा में एक महिला द्वारा अवैध रूप से शराब बेचने के लिए रखे जाने की सूचना मिली। मौके पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने श्रीमती बसंती देवार (40 वर्ष), निवासी देवारपारा, तिल्दा-नेवरा को पकड़ा।
महिला के कब्जे से शेरा कंपनी की 24 पौव्वा देशी मदिरा मसाला, जिसकी कीमत 2,400 बताई गई है, तथा बिक्री की 300 की रकम जब्त की गई। कुल जब्ती 2,700 की है। इस मामले में अपराध क्रमांक 470/2026 के तहत आबकारी अधिनियम की धारा 34(1)(ख) के अंतर्गत अपराध दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में कार्रवाई
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) श्रीमती श्वेता श्रीवास्तव सिन्हा के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) श्रीमती चंचल तिवारी और अनुविभागीय पुलिस अधिकारी (विधानसभा) वीरेंद्र चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में की गई। कार्रवाई का नेतृत्व थाना प्रभारी निरीक्षक रमाकांत तिवारी ने किया।
तिल्दा-नेवरा पुलिस ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में अवैध मादक पदार्थों की बिक्री, परिवहन, अवैध शराब कारोबार और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा। पुलिस ने नागरिकों से ऐसी गतिविधियों की सूचना देकर कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की है।