किरंदुल । छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले के किरंदुल थाना क्षेत्र में छेड़छाड़ और मारपीट के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, जिले में अपराधों की रोकथाम के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। पुलिस अधीक्षक चंद्रमोहन सिंह (भा.पु.से.) के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र खूंटे और एसडीओपी अविनाश ठाकुर के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी संजय यादव के नेतृत्व में पुलिस कार्रवाई कर रही है।
छेड़छाड़ की शिकायत पर दर्ज हुआ मामला
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, 14 अक्टूबर 2026 को किरंदुल निवासी एक पीड़िता के साथ छेड़छाड़ की घटना सामने आई थी। मामले में पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी मोहम्मद सालीन के विरुद्ध थाना किरंदुल में अपराध क्रमांक 66/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 75(3) और 78(2) में मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया।
विरोध करने वालों से मारपीट का आरोप
पुलिस के अनुसार, छेड़छाड़ की घटना का विरोध करने वाले व्यक्तियों के साथ कथित रूप से मारपीट करने के मामले में दो अन्य आरोपियों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई। इनमें मोहम्मद सजीद (22 वर्ष), पिता मोहम्मद मुरस्लीन और मोहम्मद आजाद (23 वर्ष), पिता मोहम्मद इमरान, दोनों निवासी पुराना भट्ठीपारा, किरंदुल शामिल हैं।
दोनों आरोपियों के विरुद्ध अपराध क्रमांक 67/2026 के तहत बीएनएस की धारा 296, 115(2) और 3(5) में मामला दर्ज किया गया। पुलिस के मुताबिक, प्रार्थी के साथ दोबारा विवाद करने और उग्र व्यवहार करने पर दोनों को भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 170 के तहत गिरफ्तार किया गया।
न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेजे गए आरोपी
पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया। इसके बाद उन्हें जेल भेज दिया गया। मामले में पुलिस की कार्रवाई जारी है।
पुलिस ने नागरिकों से की अपील
किरंदुल पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि क्षेत्र में किसी भी प्रकार की घटना या दुर्घटना की जानकारी तत्काल थाना किरंदुल को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।