भारत की 7% विकास दर दुनिया के लिए उदाहरण, पीएम मोदी के नेतृत्व में अर्थव्यवस्था मजबूत: सीएम विष्णुदेव साय

रायपुर । मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने कहा है कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में भारत वैश्विक अनिश्चितताओं के बीच भी आर्थिक प्रगति के नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा है। अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (IMF) द्वारा वर्ष 2026 और 2027 में भारत की आर्थिक विकास दर 7 प्रतिशत रहने का अनुमान देश की मजबूत अर्थव्यवस्था और प्रभावी आर्थिक नीतियों का प्रमाण है।

मुख्यमंत्री श्री साय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि वैश्विक चुनौतियों के बावजूद भारत की विकास गति निरंतर बनी हुई है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2026 में वैश्विक आर्थिक विकास दर 3.1 प्रतिशत रहने का अनुमान है, जबकि भारत की विकास दर 7 प्रतिशत रहने की संभावना देश की आर्थिक मजबूती और चुनौतियों से निपटने की क्षमता को दर्शाती है।

आर्थिक सुधारों और निवेश से मिली विकास को गति

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछले वर्षों के दौरान किए गए व्यापक आर्थिक सुधारों, अधोसंरचना में निवेश, डिजिटल अर्थव्यवस्था के विस्तार, विनिर्माण क्षेत्र को प्रोत्साहन और उद्यमिता के लिए अनुकूल वातावरण तैयार करने जैसे प्रयासों ने देश की आर्थिक विकास यात्रा को नई गति दी है।

उन्होंने कहा कि भारत आज दुनिया की प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं में अपनी स्थिति मजबूत करने के साथ वैश्विक आर्थिक विकास में भी महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है। देश की निरंतर आर्थिक प्रगति अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत की बढ़ती क्षमता और मजबूत होती आर्थिक स्थिति को रेखांकित करती है।

विकसित भारत @2047 के लक्ष्य को मिलेगी मजबूती

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि भारत की तेज आर्थिक प्रगति वर्ष 2047 तक विकसित राष्ट्र बनने के संकल्प को मजबूती प्रदान कर रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आत्मनिर्भर, सशक्त और समृद्ध भारत के निर्माण की दिशा में देश निरंतर आगे बढ़ रहा है।

उन्होंने कहा कि मजबूत आर्थिक आधार, निवेश को प्रोत्साहन, आधुनिक अधोसंरचना और रोजगार के नए अवसर विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

विकसित भारत के साथ विकसित छत्तीसगढ़ का संकल्प

मुख्यमंत्री ने कहा कि विकसित भारत के निर्माण में छत्तीसगढ़ भी अपनी पूरी सामर्थ्य के साथ योगदान दे रहा है। राज्य सरकार ‘विकसित भारत–विकसित छत्तीसगढ़’ के ध्येय के अनुरूप प्रदेश की अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।

उन्होंने बताया कि राज्य में निवेश, उद्योग, अधोसंरचना, रोजगार और नवाचार को बढ़ावा देने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है, ताकि प्रदेश में आर्थिक गतिविधियों का विस्तार हो और युवाओं के लिए रोजगार एवं उद्यमिता के नए अवसर सृजित हों।

मुख्यमंत्री श्री साय ने विश्वास जताया कि केंद्र और राज्य सरकार के समन्वित प्रयासों से भारत की विकास यात्रा को नई गति मिलेगी और छत्तीसगढ़ भी विकसित भारत @2047 के लक्ष्य की प्राप्ति में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *