तिल्दा-नेवरा। सेवा संकल्प अभियान के तहत बद्रीनारायण बगड़िया शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, तिल्दा-नेवरा के परिसर में सेवा सेतु संकल्प शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में स्थानीय जनप्रतिनिधियों और विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने हिस्सा लिया। इस दौरान शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आम नागरिकों को दी गई।
शिविर परिसर में विभिन्न विभागों के स्टॉल लगाए गए थे, जहां नागरिकों ने संबंधित योजनाओं की जानकारी लेने के साथ पात्रता और लाभ प्राप्त करने की प्रक्रिया के बारे में जानकारी प्राप्त की।
पीएम सूर्यघर हितग्राहियों को किया सम्मानित
शिविर के दौरान छत्तीसगढ़ स्टेट पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड (CSPDCL) द्वारा संचालित प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के लाभार्थियों को जनप्रतिनिधियों ने प्रमाण-पत्र और प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।
सौर ऊर्जा को अपनाने वाले हितग्राहियों को ‘ऊर्जा दाता’ के रूप में प्रोत्साहित किया गया। अधिकारियों ने कहा कि सौर ऊर्जा का अधिक से अधिक उपयोग स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा देने के साथ ऊर्जा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम है।
अधिकारियों ने दी योजना की जानकारी
कार्यक्रम में तिल्दा-नेवरा के सहायक अभियंता जितेन्द्र गजेंद्र, कनिष्ठ अभियंता अनिल वर्मा और कनिष्ठ अभियंता हरीश ठाकुर उपस्थित रहे। सहायक अभियंता ने प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के उद्देश्य, पात्रता और इसके लाभों की जानकारी दी। उन्होंने नागरिकों से सौर ऊर्जा को अपनाने और योजना का लाभ लेने की अपील की।
30 हितग्राहियों को मिला प्रमाण-पत्र
कार्यक्रम में नगर क्षेत्र से अजय नेताम, देवव्रत शर्मा, दीपक शर्मा, दीपक धिरहे और रामेश्वर सिरमौर सहित ग्रामीण क्षेत्र से मनहरण वर्मा, अनिल धर दीवान, मिनी वर्मा, देवनाथ वर्मा, मगंतु वर्मा और राकेश वर्मा समेत अन्य हितग्राहियों को प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए।
कुल 30 हितग्राहियों को प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया।
योजनाओं की जानकारी लेने उमड़े नागरिक
शिविर में विभिन्न विभागों की योजनाओं और उनके लाभ की जानकारी लेने के लिए नागरिक पहुंचे। प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना को लेकर भी लोगों में उत्साह और जागरूकता देखने को मिली। अधिकारियों ने योजना का लाभ लेने के इच्छुक नागरिकों को आवेदन प्रक्रिया और आवश्यक प्रावधानों की जानकारी दी।
सेवा संकल्प शिविर के माध्यम से शासन की योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने, पात्र हितग्राहियों की पहचान करने और उन्हें योजनाओं का लाभ दिलाने पर विशेष जोर दिया गया।