कबीरधाम । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर चल रहे सेवा संकल्प अभियान के तहत कबीरधाम जिले में बुधवार को भव्य सेवा ज्योति यात्रा निकाली गई। उप मुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक विजय शर्मा, पंडरिया विधायक भावना बोहरा, फिल्म विकास निगम की अध्यक्ष मोना सेन सहित जनप्रतिनिधियों और हजारों नागरिकों ने यात्रा में उत्साहपूर्वक भाग लिया।
सेवा ज्योति यात्रा से पहले शासकीय पीजी कॉलेज के डोम में कार्यक्रम आयोजित किया गया। राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम की शुरुआत हुई। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के संबोधन को उपस्थित लोगों ने सुना। इसके बाद यात्रा निर्धारित मार्ग से होते हुए सेवा ज्योति चौक पहुंची।
यात्रा में युवाओं, महिलाओं, वरिष्ठ नागरिकों, सामाजिक संगठनों और जिलेवासियों ने बड़ी संख्या में हिस्सा लिया। लोगों ने सेवा, जनभागीदारी और विकसित भारत-2047 के संकल्प का संदेश दिया।
मजबूत संकल्प से हासिल होगा बड़ा लक्ष्य: विजय शर्मा
उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि 7 अक्टूबर 2001 को नरेंद्र मोदी ने गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में जिम्मेदारी संभाली थी और 7 अक्टूबर 2026 को उनके सरकार के मुखिया के रूप में सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह यात्रा सेवा, सुशासन, संकल्प और देश को आगे ले जाने की यात्रा रही है।
उन्होंने कहा कि संकल्प लेना महत्वपूर्ण है, लेकिन उसे धरातल पर उतारना उससे भी बड़ी जिम्मेदारी है। वर्ष 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य के साथ विकसित छत्तीसगढ़, विकसित कबीरधाम और विकसित कवर्धा का संकल्प भी लिया जाना चाहिए।
शर्मा ने कहा कि लक्ष्य कितना भी बड़ा और रास्ता कितना भी कठिन क्यों न हो, मजबूत संकल्प के साथ मंजिल हासिल की जा सकती है। सेवा ज्योति यात्रा केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि जिले के विकास, सेवा और जनभागीदारी का संकल्प है।
हिंसा की जगह विकास और भय की जगह विश्वास का लक्ष्य
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ में सरकार का संकल्प है कि हिंसा की जगह विकास, भय की जगह विश्वास और बंदूक की जगह शिक्षा, रोजगार एवं अवसर पहुंचें। उन्होंने कहा कि विकसित भारत-2047 केवल सरकार का लक्ष्य नहीं, बल्कि देश के प्रत्येक नागरिक का सामूहिक संकल्प है।
उन्होंने कवर्धा, कबीरधाम और पूरे छत्तीसगढ़ को विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए नागरिकों की सक्रिय भागीदारी को महत्वपूर्ण बताया।
सेवा को उत्सव और उत्सव को सेवा का माध्यम बनाएं: भावना बोहरा
पंडरिया विधायक भावना बोहरा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्ष का सेवाकाल सेवा, समर्पण और राष्ट्र निर्माण की यात्रा का प्रतीक है। सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से सेवा और जनभागीदारी की भावना को लोगों तक पहुंचाया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि “सेवा को उत्सव बनाइए और उत्सव को सेवा का माध्यम बनाइए” अभियान की मूल भावना है। सेवा सेतु, स्वच्छता अभियान और रंगोली सहित विभिन्न गतिविधियों में जिले के नागरिक उत्साहपूर्वक भाग ले रहे हैं।
अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे योजनाओं का लाभ: मोना सेन
फिल्म विकास निगम की अध्यक्ष मोना सेन ने कहा कि राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से जरूरतमंद परिवारों तक सुविधाएं पहुंचाई जा रही हैं। आवास, राशन, शौचालय और आयुष्मान भारत सहित विभिन्न योजनाओं का लाभ बड़ी संख्या में लोगों को मिल रहा है।
उन्होंने कहा कि योजनाएं बनाना जितना जरूरी है, उतना ही जरूरी यह सुनिश्चित करना है कि उनका लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य समाज से जुड़ना और जरूरतमंदों तक पहुंचकर जनसेवा को मजबूत करना है।
कार्यक्रम में जिला अध्यक्ष राजेंद्र चन्द्रवंशी सहित अनेक जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे। इस दौरान उपस्थित लोगों ने “हम करेंगे—वी विल डू इट” के संकल्प के साथ विकसित भारत-2047 के निर्माण में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने का संकल्प लिया।