नई दिल्ली । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुजरात के मुख्यमंत्री और देश के प्रधानमंत्री के रूप में सरकार के मुखिया के तौर पर बुधवार को 25 वर्ष पूरे कर लिए। इस अवसर पर प्रधानमंत्री ने नई दिल्ली के सरोजनी नगर स्थित श्री विनायक मंदिर में पूजा-अर्चना की और देशवासियों की सुख-समृद्धि एवं उत्तम स्वास्थ्य की कामना की।
प्रधानमंत्री सुबह श्री विनायक मंदिर पहुंचे और भगवान गणेश की पूजा की। इसके बाद सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए उन्होंने कहा कि उन्होंने भगवान श्री गणेश से देशभर के लोगों की सुख-समृद्धि और अच्छे स्वास्थ्य की कामना की है। उन्होंने विघ्नहर्ता से देश के कल्याण और निरंतर प्रगति की प्रार्थना की।
7 अक्टूबर 2001 को बने थे गुजरात के मुख्यमंत्री
नरेंद्र मोदी ने 7 अक्टूबर 2001 को गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली थी। इसके बाद उन्होंने लगातार सरकार के मुखिया के रूप में जिम्मेदारी संभाली। गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में लंबे कार्यकाल के बाद वर्ष 2014 में देश के प्रधानमंत्री बने।
बुधवार को प्रधानमंत्री के रूप में उनके सार्वजनिक जीवन में सरकार के मुखिया के तौर पर 25 वर्ष पूरे हुए। इस अवसर पर देशभर से उन्हें बधाइयां मिल रही हैं।
नेताओं ने दी बधाई
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को उनके 25 वर्ष के सार्वजनिक नेतृत्व के अवसर पर उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान सहित कई नेताओं ने बधाई दी।
नेताओं ने प्रधानमंत्री के नेतृत्व, जनसेवा और विकसित भारत के संकल्प की सराहना करते हुए उनके दीर्घ सार्वजनिक कार्यकाल की उपलब्धियों का उल्लेख किया।