अंतिम व्यक्ति का उत्थान हमारी प्राथमिकता, योजनाओं का लाभ पहुंचाना सरकार की प्रतिबद्धता: टंक राम वर्मा

रायपुर । मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रदेश के दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों तक पहुंच रहा है। इसी कड़ी में राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री टंक राम वर्मा ने बुधवार को जिला मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी के सुदूर ग्रामीण क्षेत्रों का दौरा किया। उन्होंने ग्रामीणों से सीधे संवाद कर विभिन्न सरकारी योजनाओं से मिल रहे लाभ और उनके जीवन में आए बदलावों की जानकारी ली।

मंत्री वर्मा ने ग्राम पंचायत माड़िंग पिड़िंग भूर्सा, जनपद पंचायत मोहला में प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत चल रहे निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने हितग्राही इन्द्र कुमार पिता मदन लाल के निर्माणाधीन मकान का जायजा लिया।

वर्ष 2025-26 के तहत स्वीकृत इस पक्के आवास के लिए हितग्राही परिवार को 1 लाख 20 हजार रुपये की सहायता दी जा रही है। इसके साथ ही परिवार को 90 दिनों का मनरेगा रोजगार भी उपलब्ध कराया जा रहा है।

योजनाओं ने बदली परिवार की तस्वीर

मकान निर्माण का निरीक्षण करने के दौरान हितग्राही परिवार की श्रीमती हेमेश्वरी ने सरकार की योजनाओं से मिल रहे लाभ को साझा किया। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत पक्का मकान मिलने के साथ परिवार को उज्ज्वला योजना से रसोई गैस कनेक्शन और जल जीवन मिशन के माध्यम से घर पर ही स्वच्छ पेयजल की सुविधा मिली है।

उन्होंने कहा कि महतारी वंदन योजना के तहत मिलने वाली मासिक आर्थिक सहायता भी परिवार के लिए काफी उपयोगी साबित हो रही है। इस राशि का उपयोग घर की दैनिक जरूरतों और बच्चों की देखभाल में किया जा रहा है।

अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रहा विकास

हितग्राहियों से बातचीत के बाद मंत्री टंक राम वर्मा ने कहा कि राज्य सरकार “सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास” के मूलमंत्र के साथ काम कर रही है। सरकार की प्राथमिकता समाज की अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक विकास और कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना है।

उन्होंने कहा कि जब ग्रामीण परिवार को पक्का आवास, महिलाओं को रसोई गैस, घर पर स्वच्छ पेयजल और मातृशक्ति को आर्थिक सहायता मिलती है, तब वास्तव में सुशासन और सर्वसमावेशी विकास की अवधारणा मजबूत होती है।

मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार पात्र नागरिकों को उनका अधिकार और सम्मान दिलाने के लिए पारदर्शिता और संवेदनशीलता के साथ लगातार काम कर रही है।

दौरे के दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *