बचेली। एनएमडीसी लिमिटेड, बचेली कॉम्प्लेक्स ने अपनी कॉर्पोरेट सामाजिक जिम्मेदारी (CSR) पहल के तहत स्थानीय स्कूली बच्चों के लिए सहायता अभियान शुरू किया है। इसी क्रम में ग्राम पंचायत भांसी से स्कूली बच्चों को स्कूल बैग, जूते और मोजे वितरित करने के अभियान की औपचारिक शुरुआत की गई।
ग्राम पंचायत भांसी के 6 विद्यालयों के छात्र-छात्राओं को इस पहल का लाभ मिला। कार्यक्रम के दौरान कुल 181 स्कूल बैग और 181 जोड़ी जूते व मोजे वितरित किए गए। इससे बच्चों को स्कूल आने-जाने में सुविधा मिलने के साथ उनकी पढ़ाई के प्रति उत्साह बढ़ाने में भी मदद मिलेगी।
इन स्कूलों के बच्चों को मिला लाभ
वितरण अभियान में शासकीय नेताजी प्राथमिक शाला, स्वामी आत्मानंद हिंदी माध्यमिक शाला, प्राथमिक शाला बाजारपारा, नया प्राथमिक शाला मासापारा, शासकीय प्राथमिक शाला कुम्मापारा और प्राथमिक शाला पोरोकमेली के विद्यार्थी शामिल रहे।

जनप्रतिनिधि और ग्रामीण रहे मौजूद
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में एनएमडीसी बचेली के उप महाप्रबंधक (मानव संसाधन)-CSR जोसी थॉमस और उप महाप्रबंधक (मानव संसाधन) सौरभ कुमार उपस्थित रहे। इसके अलावा जिला पंचायत उपाध्यक्ष अरविंद कुंजाम, भांसी थाना प्रभारी श्री वर्मा, सरपंच मीरा भास्कर, वार्ड पंच, शिक्षक, अधीक्षक, ग्रामीण और बड़ी संख्या में स्कूली बच्चे मौजूद रहे।
इस पहल को लेकर बच्चों और उनके अभिभावकों में उत्साह देखने को मिला। एनएमडीसी की ओर से बताया गया कि भांसी के बाद बचेली के आसपास स्थित अन्य ग्राम पंचायतों के स्कूली बच्चों तक भी इस तरह की सहायता पहुंचाने का अभियान आगे बढ़ाया जाएगा।