रायपुर। इलेक्ट्रिक दोपहिया वाहन निर्माता एथर एनर्जी ने रायपुर में अपना नया इलेक्ट्रिक स्कूटर ‘कोणार्क’ लॉन्च किया है। कंपनी के मुताबिक, कोणार्क को रोजमर्रा की जरूरतों, बेहतर रेंज, आरामदायक राइड और कम रखरखाव को ध्यान में रखकर विकसित किया गया है। यह स्कूटर एस और जेड सीरीज में कुल छह वैरिएंट्स में उपलब्ध होगा।
कोणार्क की सबसे बड़ी खासियत इसकी 200 किलोमीटर तक की IDC रेंज है। कंपनी ने इसके साथ अपनी पांचवीं पीढ़ी की बेडरॉक बैटरी दी है। बैटरी पर 10 साल या 1 लाख किलोमीटर, जो भी पहले हो, की वारंटी दी जा रही है। इसके साथ वारंटी अवधि के अंत तक कम से कम 70 प्रतिशत बैटरी हेल्थ की गारंटी भी दी गई है।
99,999 की शुरुआती कीमत
एथर कोणार्क की स्पेशल इंट्रोडक्टरी कीमत 99,999 रुपये (एक्स-शोरूम रायपुर) रखी गई है। कंपनी ने बताया कि चुनिंदा वैरिएंट्स की डिलीवरी चरणबद्ध तरीके से शुरू की जा रही है। स्कूटर का सर्विस इंटरवल 10,000 किलोमीटर या एक साल रखा गया है।
रोजमर्रा की राइड के लिए कई फीचर्स
कोणार्क को एथर के नए ईएल प्लेटफॉर्म पर तैयार किया गया है। इसमें 14 इंच का फ्रंट अलॉय व्हील, 12 इंच का रियर अलॉय व्हील और 1,352 मिमी का व्हीलबेस दिया गया है। दोनों पहियों पर लॉन्ग-ट्रैवल सस्पेंशन मौजूद हैं।
स्कूटर में एथर का एडवांस्ड इलेक्ट्रॉनिक ब्रेकिंग सिस्टम, रिजनरेटिव ब्रेकिंग, मैजिककी, ऑटोपॉप और एयरवॉक जैसे फीचर्स दिए गए हैं। कंपनी के अनुसार, ऑटोपॉप से अंडर-सीट स्टोरेज तक हैंड्स-फ्री पहुंच मिलती है, जबकि एयरवॉक फीचर पार्किंग के दौरान स्कूटर को आसानी से आगे-पीछे करने में मदद करता है।
चार्जिंग को भी बनाया आसान
कोणार्क में इंटीग्रेटेड ऑनबोर्ड चार्जर और चार्जिंग केबल दी गई है। कंपनी के मुताबिक, वैकल्पिक 450 वॉट ऑफबोर्ड चार्जर को इन-बिल्ट 450 वॉट चार्जर के साथ इस्तेमाल करने पर कुल 900 वॉट की कंबाइंड चार्जिंग क्षमता मिल सकती है, जिससे चार्जिंग समय कम किया जा सकता है।
छत्तीसगढ़ में बढ़ी एथर की पकड़
एथर के अनुसार, छत्तीसगढ़ उसके लिए तेजी से बढ़ता हुआ बाजार है। वित्त वर्ष 2026 की पहली तिमाही में राज्य में कंपनी की बाजार हिस्सेदारी 6.6 प्रतिशत थी, जो वित्त वर्ष 2027 की पहली तिमाही में बढ़कर 11.9 प्रतिशत हो गई। इसी अवधि में कंपनी ने राज्य में सालाना आधार पर 161 प्रतिशत की वृद्धि के साथ 1,246 स्कूटर बेचने का दावा किया है।
कंपनी के मुताबिक, छत्तीसगढ़ में उसके 19 एक्सपीरिएंस सेंटर और 17 सर्विस सेंटर हैं, जिनमें तीन रायपुर में मौजूद हैं। इसके अलावा राज्य में एथर के 55 एलईसीसीएस फास्ट चार्जिंग पॉइंट भी हैं।
एथर एनर्जी के हेड ऑफ मार्केटिंग सौरभ शर्मा ने कहा कि छत्तीसगढ़ इलेक्ट्रिक मोबिलिटी को ज्यादा से ज्यादा लोगों तक पहुंचाने के कंपनी के प्रयासों में महत्वपूर्ण बाजार है। कोणार्क के जरिए कंपनी इलेक्ट्रिक स्कूटर को बड़े ग्राहक वर्ग तक पहुंचाने और राज्य में अपने रिटेल, सर्विस तथा चार्जिंग नेटवर्क को मजबूत करने पर जोर दे रही है।