मुंबई । दिग्गज अभिनेता नसीरुद्दीन शाह और अभिनेता-लेखक पीयूष मिश्रा के बीच जुबानी तकरार की स्थिति बनती नजर आ रही है। नसीरुद्दीन शाह की ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ के नेता अभिजीत दिपके से मुलाकात को लेकर पीयूष मिश्रा ने एक वीडियो जारी कर कई सवाल उठाए हैं। उन्होंने शाह से फ्लाईदुबई के पायलट स्मित मच्छार की बहादुरी का जिक्र करते हुए उन्हें बधाई देने की अपील की।
अभिजीत दिपके से मुलाकात पर उठाए सवाल
वीडियो में पीयूष मिश्रा सीधे नसीरुद्दीन शाह को संबोधित करते हुए कहते हैं कि अभिजीत दिपके से उनकी मुलाकात अच्छी बात है, लेकिन हाल ही में हुए फ्लाईदुबई विमान हादसे के दौरान बहादुरी दिखाने वाले पायलट स्मित मच्छार पर भी उन्हें कुछ कहना चाहिए।
मिश्रा ने दावा किया कि स्मित मच्छार ने विमान में हुई गंभीर स्थिति के दौरान बहादुरी दिखाई और यात्रियों की जान बचाई। उन्होंने नसीरुद्दीन शाह से पायलट के साहस की तारीफ करने की अपील की।
कौन हैं स्मित मच्छार?
रिपोर्ट के मुताबिक स्मित मच्छार दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की उड़ान के कप्तान थे। उड़ान के दौरान उनके को-पायलट द्वारा उन पर हमला किए जाने और विमान को हाईजैक करने की कोशिश की खबर सामने आई थी।
बताया गया कि हमले में घायल होने के बावजूद मच्छार ने स्थिति संभालने की कोशिश की। इसके बाद क्रू सदस्यों और यात्रियों के हस्तक्षेप से बड़ा हादसा टल गया और विमान में सवार लोगों की जान बच गई।
NSD और FTII का जिक्र कर भी साधा निशाना
पीयूष मिश्रा ने नसीरुद्दीन शाह की अभिजीत दिपके से मुलाकात के संदर्भ में उनके कथित बयान पर भी सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि शाह ने छात्रों से मिलने के बाद कथित तौर पर कहा था कि इन छात्रों ने उन्हें उतना ही सिखाया है, जितना नेशनल स्कूल ऑफ ड्रामा (NSD) और फिल्म एंड टेलीविजन इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया (FTII) ने सिखाया है।
मिश्रा ने इसी बात पर सवाल उठाते हुए कहा कि उन्हें नहीं पता कि ये छात्र कब अभिनय शिक्षक बन गए।
झारखंड राहत कार्यों का भी किया जिक्र
पीयूष मिश्रा ने अपने वीडियो में झारखंड के राहत कार्यों का भी जिक्र किया। उन्होंने दावा किया कि एक बार उन्होंने नसीरुद्दीन शाह से झारखंड के लिए मदद मांगी थी, लेकिन मदद भेजने के बजाय शाह ने उन्हें पाकिस्तान की एक शायरा की नज्म भेजी थी।
मिश्रा ने कहा कि राहत कार्यों के दौरान लोगों को कविता नहीं, बल्कि आटा, दाल, रोटी, गुड़ और खाने-पीने की जरूरी चीजों की जरूरत थी। उन्होंने यह भी कहा कि वह नज्म उन्हें समझ नहीं आई।
नसीरुद्दीन शाह की प्रतिक्रिया का इंतजार
पीयूष मिश्रा के इस वीडियो के सामने आने के बाद अब नसीरुद्दीन शाह की प्रतिक्रिया का इंतजार है। फिलहाल शाह की ओर से पीयूष मिश्रा के आरोपों और सवालों पर कोई सार्वजनिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।