गरियाबंद । प्रदेश के युवाओं और स्वैच्छिक संगठनों के उत्कृष्ट कार्यों को प्रोत्साहित करने तथा उन्हें राज्य स्तर पर पहचान दिलाने के उद्देश्य से खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा ‘युवा रत्न सम्मान योजना’ संचालित की जा रही है। योजना के तहत सम्मान के लिए आवेदन की अंतिम तिथि 30 अक्टूबर 2026 निर्धारित की गई है।
विभाग के अनुसार सामाजिक-सांस्कृतिक, साहित्यिक, शैक्षणिक, खेल और अन्य क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाले पात्र युवा एवं स्वैच्छिक संगठन इस सम्मान के लिए आवेदन कर सकते हैं।
कई क्षेत्रों में मिलेगा युवा रत्न सम्मान
युवा रत्न सम्मान के तहत सामाजिक सेवा, साहित्य, उद्योग, शिक्षा, खेल, पर्यावरण, महिला एवं बाल विकास, मीडिया, स्वास्थ्य, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी, दिव्यांगजन सशक्तिकरण, कला एवं संगीत तथा लोककला सहित विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान को सम्मानित किया जाएगा।
प्रत्येक क्षेत्र में चयनित एक युवा को एक लाख रुपये की पुरस्कार राशि के साथ पदक, प्रमाण पत्र और शॉल प्रदान किया जाएगा। महिला एवं बाल विकास श्रेणी का सम्मान केवल महिलाओं और बालिकाओं को दिया जाएगा।
विशिष्ट सेवा के लिए युवा और संगठन को विशेष पुरस्कार
योजना के तहत असाधारण एवं विशिष्ट सेवा कार्य के लिए एक युवा और एक स्वैच्छिक संगठन का चयन किया जाएगा। चयनित युवा को 2.50 लाख रुपये तथा स्वैच्छिक संगठन को 5 लाख रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी।
विभाग ने स्पष्ट किया है कि किसी एक श्रेणी का युवा रत्न सम्मान किसी व्यक्ति, संगठन या संस्था को एक से अधिक बार प्रदान नहीं किया जाएगा।
15 से 29 वर्ष आयु के युवा कर सकेंगे आवेदन
सम्मान के लिए आवेदक का छत्तीसगढ़ का मूल निवासी होना आवश्यक है। संबंधित वित्तीय वर्ष की 1 अप्रैल को आवेदक की आयु कम से कम 15 वर्ष पूर्ण होनी चाहिए और 31 मार्च तक उसकी आयु 29 वर्ष से कम होनी चाहिए।
इच्छुक पात्र युवा और संगठन अपने आवेदन 30 अक्टूबर 2026 तक कार्यालयीन समय में कार्यालय कलेक्टर, खेल एवं युवा कल्याण, जिला गरियाबंद में जमा कर सकते हैं।
युवा रत्न सम्मान योजना का उद्देश्य प्रदेश के प्रतिभाशाली और समाज के लिए उल्लेखनीय कार्य करने वाले युवाओं को प्रोत्साहित करना तथा उनके योगदान को राज्य स्तर पर पहचान दिलाना है।