मनेन्द्रगढ़ । “जन सेवा से राष्ट्र सेवा के 25 वर्ष” का संदेश लेकर निकली वडनगर-वाराणसी सेवा यात्रा की 25वीं वर्षगांठ बाइक रैली का मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले में भव्य स्वागत किया गया। सेवा संकल्प अभियान के तहत निकली इस यात्रा में “वडनगर से वाराणसी, वाराणसी से वडनगर” का संदेश और “सेवा संकल्प कलश” शामिल रहा।
नगर पंचायत खोंगापानी के घुटरीटोला में जिले के प्रभारी एवं कृषि मंत्री रामविचार नेताम और स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल सहित जनप्रतिनिधियों एवं स्थानीय नागरिकों ने बाइक रैली का गर्मजोशी से स्वागत किया। इस दौरान सेवा संकल्प अभियान के उद्देश्यों और जनसेवा से राष्ट्रसेवा तक की भावना को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प दोहराया गया।
घुटरीटोला से मनेन्द्रगढ़ तक गूंजा सेवा का संदेश
घुटरीटोला में स्वागत के बाद बाइक रैली को उत्साहपूर्ण माहौल में श्याम हेरिटेज, मनेन्द्रगढ़ तक लाया गया। मार्ग में स्थानीय नागरिकों ने भी रैली का स्वागत किया। बाइकर्स ने सेवा, समर्पण और विकसित भारत के निर्माण का संदेश देते हुए यात्रा पूरी की।
आयोजन का उद्देश्य जनसेवा के 25 वर्षों की यात्रा को जनभागीदारी से जोड़ना और विकसित भारत के निर्माण में नागरिकों की भूमिका को रेखांकित करना रहा।
युवाओं की ऊर्जा राष्ट्र निर्माण में लगाने का आह्वान
कृषि मंत्री रामविचार नेताम ने कहा कि 25वीं वर्षगांठ की यह बाइक यात्रा सेवा, समर्पण और राष्ट्रनिर्माण का संदेश लेकर मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर पहुंची है। उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य शासन की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है।
उन्होंने कहा कि विकसित भारत के निर्माण में किसान, युवा, महिलाएं और गांव महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। युवाओं से शिक्षा, खेल, रोजगार, नवाचार और सामाजिक सेवा के माध्यम से राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का आह्वान करते हुए उन्होंने स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और जनसेवा को जीवन का हिस्सा बनाने की अपील की।
जनसेवा से राष्ट्रसेवा की भावना को मजबूत करता है अभियान
स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान जनसेवा से राष्ट्रसेवा की भावना को मजबूत करने का माध्यम है। उन्होंने कहा कि बाइक यात्रा सेवा, समर्पण और सहभागिता का संदेश लेकर जिले में पहुंची है तथा युवाओं को राष्ट्र निर्माण के लिए प्रेरित करती है।
उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य क्षेत्र में सरकार का प्रयास बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। विकसित भारत के निर्माण में गांव, गरीब, किसान, युवा और महिलाओं की समान भागीदारी को जरूरी बताते हुए उन्होंने नागरिकों से स्वच्छता, स्वास्थ्य जागरूकता, पर्यावरण संरक्षण और जनकल्याणकारी योजनाओं में सहयोग की अपील की।
स्वच्छता के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वालों का सम्मान
कार्यक्रम में स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण के अंतर्गत स्वच्छता के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले लोगों को स्वच्छता किट एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
सम्मानित होने वालों में लालपुर की रीना बाई, चौनपुर की राधिका बाई एवं रामप्रसाद सादजी, चौघड़ा की शांति बाई, बौरीडांड की शीता सिंह, सुभागिया बाई, सुनीता बाई एवं गनमतिया बाई शामिल रहीं।
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विभागों की योजनाओं का लाभ भी हितग्राहियों तक पहुंचाया गया। सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से एक ओर बाइक यात्रा ने जनसेवा और राष्ट्रसेवा का संदेश दिया, वहीं दूसरी ओर सरकारी योजनाओं के जरिए हितग्राहियों को प्रत्यक्ष लाभ प्रदान किया गया।