बिलासपुर । सेवा संकल्प अभियान के तहत स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालय, दयालबंद में जिला स्तरीय सेवा सेतु शिविर आयोजित किया गया। शिविर में विभिन्न विभागों ने स्टॉल लगाकर नागरिकों को जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी और पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ दिलाया गया।
कार्यक्रम में बिलासपुर विधायक अमर अग्रवाल, बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला, महापौर पूजा विधानी, नगर निगम सभापति विनोद सोनी और कलेक्टर संजय अग्रवाल सहित जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे।
योजनाओं की जानकारी एक ही जगह
विधायक अमर अग्रवाल ने कहा कि एक ही स्थान पर विभिन्न विभागों की योजनाओं की जानकारी और सहायता मिलने से नागरिकों को सुविधा मिल रही है। उन्होंने कहा कि पात्र लोगों तक सरकारी योजनाओं का लाभ सरल और सुविधाजनक तरीके से पहुंचाना प्राथमिकता है।
विधायक सुशांत शुक्ला ने कहा कि सेवा सेतु शिविरों के माध्यम से जरूरतमंद लोगों को योजनाओं की जानकारी देने के साथ पात्र हितग्राहियों को लाभान्वित किया जा रहा है।
महापौर पूजा विधानी ने कहा कि जानकारी के अभाव में कई पात्र लोग योजनाओं का लाभ नहीं ले पाते। ऐसे शिविरों से उन्हें पात्रता, जरूरी दस्तावेज और आवेदन प्रक्रिया की जानकारी मिलती है।
नशामुक्त समाज की दिलाई गई शपथ
गांधी जयंती के अवसर पर महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित की गई और उनके सेवा, स्वच्छता एवं जनकल्याण के विचारों को याद किया गया। कार्यक्रम में मौजूद लोगों को नशे से दूर रहने और नशामुक्त समाज के निर्माण में योगदान देने की शपथ भी दिलाई गई।
कलेक्टर संजय अग्रवाल ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिविर में आने वाले नागरिकों को योजनाओं की पात्रता, आवश्यक दस्तावेज और आवेदन प्रक्रिया की जानकारी उपलब्ध कराएं तथा पात्र हितग्राहियों को योजनाओं से जोड़ने के लिए समन्वय से काम करें।
सेवा संकल्प अभियान के तहत 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक विभिन्न जनसेवा और जनभागीदारी गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। इसी क्रम में सेवा सेतु शिविरों के जरिए नागरिकों को सरकारी योजनाओं से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।