रायपुर । मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने नई दिल्ली स्थित छत्तीसगढ़ सदन में दोनों महापुरुषों के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि महात्मा गांधी ने सत्य, अहिंसा और मानवता के मार्ग पर चलते हुए पूरी दुनिया को शांति और सद्भाव का संदेश दिया। उनके विचारों में समाज के अंतिम व्यक्ति के कल्याण और आत्मनिर्भरता की भावना निहित थी।
उन्होंने कहा कि गांधी जी का जीवन सत्य के मार्ग पर अडिग रहते हुए समाज और राष्ट्र के प्रति अपने दायित्वों का निर्वहन करने की प्रेरणा देता है। उनके विचार आज भी सामाजिक समरसता और जनकल्याण के लिए प्रासंगिक हैं।
शास्त्री जी के सादगीपूर्ण जीवन को किया याद
मुख्यमंत्री ने पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री के योगदान को याद करते हुए कहा कि उनका सादगीपूर्ण जीवन, दृढ़ नेतृत्व और राष्ट्र के प्रति समर्पण प्रत्येक भारतीय के लिए प्रेरणास्रोत है।
उन्होंने कहा कि शास्त्री जी का दिया ‘जय जवान-जय किसान’ का मंत्र देश की सुरक्षा और समृद्धि में सैनिकों और किसानों के महत्वपूर्ण योगदान को रेखांकित करता है।
जनकल्याण और राष्ट्रसेवा का संकल्प
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के जीवन एवं आदर्श जनकल्याण, सुशासन और राष्ट्रसेवा के पथ पर निरंतर आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं।
उन्होंने दोनों महान विभूतियों के विचारों और आदर्शों को स्मरण करते हुए उनके बताए मार्ग पर चलने का संदेश दिया।