खेल अकादमियों में प्रवेश के लिए 169 खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम

रायपुर । खेल एवं युवा कल्याण विभाग की ओर से वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए रायपुर स्थित विभिन्न गैर-आवासीय खेल अकादमियों में प्रवेश के लिए आयोजित दो दिवसीय चयन ट्रायल संपन्न हो गया। तीरंदाजी, एथलेटिक्स, हॉकी और फुटबॉल में कुल 169 खिलाड़ियों ने अपनी खेल प्रतिभा और कौशल का प्रदर्शन किया।

चयन ट्रायल के अंतिम दिन चारों खेलों में पंजीकृत खिलाड़ियों की दक्षता का विशेषज्ञ प्रशिक्षकों द्वारा परीक्षण किया गया। इसमें हॉकी और फुटबॉल के 57-57, तीरंदाजी के 23 तथा एथलेटिक्स के 32 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया।

अलग-अलग खेलों में परखी गई तकनीकी दक्षता

फुटबॉल खिलाड़ियों का पासिंग, ड्रिबलिंग, पोजिशनिंग, व्यक्तिगत पोजीशन और मैच सेंस के आधार पर मूल्यांकन किया गया। तीरंदाजी में ड्रॉ लेंथ, आई डोमिनेंस, पोस्चर, मानसिक क्षमता और 20 मीटर शूटिंग जैसी क्षमताओं को परखा गया।

एथलेटिक्स में 100, 200, 400, 800, 1500 और 3000 मीटर दौड़ के साथ पैदल चाल, हाई जंप, लॉन्ग जंप, गोला फेंक, तवा फेंक और भाला फेंक जैसी स्पर्धाओं में खिलाड़ियों की क्षमता का परीक्षण किया गया।

वहीं हॉकी में हिट, पुश, स्कूप, स्टॉपिंग, रिसीविंग, टैकलिंग, क्लीयरेंस, पेनल्टी कॉर्नर इंजेक्शन और ड्रैगिंग सहित विभिन्न तकनीकी कौशल का बारीकी से आकलन किया गया। गोलकीपरों की दक्षता भी विशेष परीक्षण के माध्यम से परखी गई।

विभाग के अनुसार चयन प्रक्रिया खेल के निर्धारित मानकों और विशेषज्ञों के मूल्यांकन के आधार पर पूरी की गई। ट्रायल में खिलाड़ियों ने उत्साह के साथ हिस्सा लेकर अकादमियों में प्रवेश के लिए अपनी दावेदारी पेश की।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *