मरकाटोला घाट हादसा: डिप्टी सीएम विजय शर्मा ने अस्पताल पहुंचकर घायलों का जाना हाल, बेहतर इलाज के दिए निर्देश

रायपुर । नेशनल हाईवे-30 के मरकाटोला घाट में हुए सड़क हादसे में घायल कवर्धा के लोगों का हाल जानने उप मुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक विजय शर्मा रायपुर स्थित पंडित जवाहरलाल नेहरू स्मृति चिकित्सा महाविद्यालय पहुंचे। उन्होंने अस्पताल में भर्ती घायलों और उनके परिजनों से मुलाकात कर उपचार की स्थिति की जानकारी ली।

घायल रोमन सोरा से की मुलाकात

उप मुख्यमंत्री ने घायल रोमन सोरा से मुलाकात कर उनके स्वास्थ्य के बारे में जानकारी ली। उन्होंने परिजनों से भी उपचार और अस्पताल में उपलब्ध कराई जा रही चिकित्सा सुविधाओं के संबंध में चर्चा की। परिजनों ने अस्पताल की उपचार व्यवस्था पर संतुष्टि जताई।

इसके बाद विजय शर्मा ने विशेषज्ञ चिकित्सकों से घायल की स्थिति और आगे होने वाले उपचार की जानकारी ली। चिकित्सकों ने बताया कि रोमन सोरा के पैरों का ऑपरेशन किया जाना है। उनकी शारीरिक स्थिति सामान्य होने के बाद आवश्यक चिकित्सकीय प्रक्रिया पूरी की जाएगी।

उप मुख्यमंत्री ने चिकित्सकों और संबंधित अधिकारियों को घायल का बेहतर उपचार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस दौरान अस्पताल अधीक्षक डॉ. संतोष सोनकर, हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. सुंदरानी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

घायलों के उपचार की लगातार ले रहे जानकारी

उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा हादसे के बाद से घायलों के उपचार की लगातार जानकारी ले रहे हैं। हादसे में घायल एक व्यक्ति को उच्च स्तरीय उपचार के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां आयुष्मान कार्ड के माध्यम से निःशुल्क उपचार सुनिश्चित किया गया है।

घायलों के परिजनों के ठहरने के लिए सेवा सदन में निःशुल्क व्यवस्था भी उपलब्ध कराई गई थी।

उप मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अस्पतालों में भर्ती सभी घायलों को समुचित और बेहतर चिकित्सा सुविधा मिले। उन्होंने स्पष्ट किया कि घायलों के इलाज में किसी भी प्रकार की कमी नहीं होनी चाहिए।

चार घायल अस्पताल से डिस्चार्ज

इसी बीच स्वास्थ्य में सुधार के बाद अरमान कोसले, गणेश पात्रे, प्रदीप साहू और दीप चन्द्र को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। अधिकारियों के अनुसार, अन्य घायलों का उपचार चिकित्सकों की निगरानी में जारी है।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *