एशियन गेम्स की स्वर्ण पदक विजेता संजू देवी से मिले डिप्टी CM अरुण साव बोले- खिलाड़ियों को मिलेगा अनुभव का लाभ

रायपुर । एशियन गेम्स-2026 में भारतीय महिला कबड्डी टीम को स्वर्ण पदक दिलाने में अहम भूमिका निभाने वाली छत्तीसगढ़ की खिलाड़ी संजू देवी ने रायपुर लौटने के बाद उप मुख्यमंत्री एवं खेल एवं युवा कल्याण मंत्री अरुण साव से मुलाकात की। नवा रायपुर स्थित शासकीय निवास कार्यालय में हुई इस मुलाकात के दौरान उप मुख्यमंत्री ने संजू देवी का अभिनंदन कर उनकी उपलब्धि के लिए बधाई दी।

संजू देवी अपने माता-पिता अमरीका बाई और रामजी के साथ उप मुख्यमंत्री से मिलने पहुंचीं। अरुण साव ने संजू के साथ उनके माता-पिता का भी अभिनंदन किया और बेटी की उपलब्धि पर उन्हें बधाई दी।

एशियन गेम्स के अनुभव पर हुई चर्चा

उप मुख्यमंत्री साव ने संजू देवी से एशियन गेम्स के दौरान मिले अनुभवों और भारतीय महिला कबड्डी टीम के स्वर्ण पदक तक के सफर के बारे में जानकारी ली। उन्होंने प्रतियोगिता के दौरान अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खेलने के अनुभव और विभिन्न चुनौतियों पर भी संजू से चर्चा की।

साव ने संजू का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि एशियन गेम्स जैसे बड़े अंतरराष्ट्रीय मंच पर हासिल किया गया अनुभव केवल उनकी व्यक्तिगत उपलब्धि तक सीमित नहीं रहेगा। उनके अनुभव से छत्तीसगढ़ के अन्य खिलाड़ियों को भी प्रेरणा और मार्गदर्शन मिलेगा।

छत्तीसगढ़ के खिलाड़ियों को मिलेगा फायदा

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि संजू देवी ने एशियन गेम्स में शानदार प्रदर्शन कर देश के साथ-साथ छत्तीसगढ़ का नाम भी रोशन किया है। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खेलकर हासिल किए गए अनुभवों को प्रदेश के युवा खिलाड़ियों तक पहुंचाने से उन्हें आगे बढ़ने में मदद मिलेगी।

संजू देवी ने भी उप मुख्यमंत्री के साथ अपनी प्रतियोगिता और टीम के स्वर्ण पदक तक के सफर के अनुभव साझा किए।

मुलाकात के दौरान खेल एवं युवा कल्याण विभाग के सचिव यशवंत कुमार और संचालक आकांक्षा शिक्षा खलखो भी उपस्थित रहीं।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *