किरंदुल। युवाओं को डिजिटल शिक्षा और रोजगार के अवसरों से जोड़ने की दिशा में किरंदुल में मंगलवार को ‘दक्ष : युवाओं हेतु उन्नत डिजिटल कौशल परियोजना’ का शुभारंभ किया गया। आदिवासी भवन में आयोजित कार्यक्रम का आयोजन AM/NS इंडिया और AISECT इंडिया के संयुक्त तत्वावधान में किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सर्व आदिवासी समाज दंतेवाड़ा के अध्यक्ष सुरेश कर्मा रहे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला पंचायत सदस्य सोमारू कड़ती ने की।
कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे मौजूद
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथियों के रूप में कोया कुटमा समाज अध्यक्ष बल्लू भवानी, सर्वमूल बस्तरिया समाज अध्यक्ष सत्यनारायण कर्मा, नगर पालिका उपाध्यक्ष बब्लू सिद्दीकी सहित विभिन्न ग्राम पंचायतों के सरपंच और जनपद सदस्य मौजूद रहे।
AM/NS इंडिया की ओर से जीएम वाई.वी. राघवुलु और कल्याण सीएसआर हेड डॉ. तेज प्रकाश उपस्थित रहे। वहीं AISECT की ओर से स्टेट हेड अब्दुल मजीद, प्रोजेक्ट कॉर्डिनेटर सुनील सिंह और जीएम अभिषेक अवस्थी ने कार्यक्रम में सहभागिता की।

युवाओं को मिलेगा निःशुल्क डिजिटल प्रशिक्षण
‘दक्ष’ परियोजना के तहत बेरोजगार युवक-युवतियों को DCA, PGDCA सहित कंप्यूटर और डिजिटल स्किल से जुड़े विभिन्न पाठ्यक्रमों का निःशुल्क प्रशिक्षण दिया जाएगा। परियोजना का उद्देश्य युवाओं को आधुनिक डिजिटल कौशल से लैस कर उन्हें रोजगार और स्वरोजगार के अवसरों के लिए तैयार करना है।
प्रशिक्षण पूरा करने के बाद युवाओं को रोजगार एवं स्वरोजगार से जोड़ने में भी सहयोग किया जाएगा। इससे क्षेत्र के युवाओं को स्थानीय स्तर पर कौशल विकास के साथ रोजगार के नए अवसर मिलने की उम्मीद है।
बड़ी संख्या में पहुंचे युवा
परियोजना के शुभारंभ कार्यक्रम में बड़ी संख्या में क्षेत्र के युवा, जनप्रतिनिधि और ग्रामीणजन शामिल हुए। आयोजकों के अनुसार, ‘दक्ष’ परियोजना के माध्यम से युवाओं को डिजिटल क्षेत्र में आवश्यक कौशल उपलब्ध कराने और उन्हें रोजगार के लिए सक्षम बनाने पर जोर दिया जाएगा।