प्रगति-50 में रायपुर और बिलासपुर शामिल स्वच्छता व नागरिक सुविधाओं को मिलेगा केंद्र का विशेष सहयोग

रायपुर । छत्तीसगढ़ के रायपुर और बिलासपुर नगर निगमों को केंद्र सरकार की राष्ट्रीय स्वच्छता पहल ‘प्रगति-50’ (PRAGATI-50) में शामिल किया गया है। केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल ने मंगलवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से इस पहल का शुभारंभ किया। देश के चयनित 50 शहरों में छत्तीसगढ़ के दो शहरों को जगह मिली है।

इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन एवं विकास मंत्री अरुण साव वर्चुअली कार्यक्रम से जुड़े। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने रायपुर व बिलासपुर नगर निगमों, स्वच्छता मित्रों और दोनों शहरों के नागरिकों को बधाई दी।

स्वच्छता व्यवस्था को मिलेगा तकनीकी सहयोग

‘प्रगति-50’ की शुरुआत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में हुई 51वीं ‘प्रगति’ बैठक में दिए गए निर्देशों के आधार पर की गई है। यह पहल स्वच्छ भारत मिशन (शहरी) 2.0 के तहत चयनित शहरों में स्वच्छता और नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने पर केंद्रित है।

योजना के तहत चयनित शहरों को केंद्र सरकार की ओर से विशेष तकनीकी सहयोग, निरंतर मार्गदर्शन और गहन निगरानी उपलब्ध कराई जाएगी। साथ ही बेहतर और सफल कार्य-पद्धतियों को अपनाने में भी सहयोग दिया जाएगा।

कचरा प्रबंधन और प्रयुक्त जल के पुन: उपयोग पर जोर

‘प्रगति-50’ के तहत घर-घर कचरा संग्रहण, कचरे के वैज्ञानिक पृथक्करण और प्रसंस्करण तथा ठोस अपशिष्ट प्रबंधन को अधिक प्रभावी और टिकाऊ बनाने पर जोर रहेगा। सार्वजनिक स्वच्छता सुविधाओं और शहरों की साफ-सफाई में सुधार भी पहल का प्रमुख हिस्सा होगा।

इसके अलावा उपयोग किए गए जल के उपचार, पुन: उपयोग और समुचित प्रबंधन को बढ़ावा दिया जाएगा। स्वच्छता अभियानों में नागरिकों, संस्थाओं और जनप्रतिनिधियों की भागीदारी बढ़ाने के साथ निर्धारित संकेतकों के आधार पर शहरों के प्रदर्शन की नियमित समीक्षा और निगरानी की जाएगी।

रायपुर और बिलासपुर के चयन पर बधाई

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने दोनों नगर निगमों के चयन को महत्वपूर्ण उपलब्धि बताते हुए स्वच्छता मित्रों और नागरिकों को बधाई दी। कार्यक्रम में रायपुर की महापौर मीनल चौबे, बिलासपुर की महापौर पूजा विधानी तथा दोनों नगर निगमों के आयुक्त भी ऑनलाइन शामिल हुए।

केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री तोखन साहू नई दिल्ली से कार्यक्रम में शामिल हुए, जबकि उप मुख्यमंत्री अरुण साव राजनांदगांव से वर्चुअली जुड़े।

अन्य नगरीय निकायों के लिए बन सकते हैं मॉडल

राज्य सरकार के अनुसार, रायपुर और बिलासपुर को ‘प्रगति-50’ के माध्यम से राष्ट्रीय स्तर की बेहतर कार्य-पद्धतियों को अपनाने का अवसर मिलेगा। इससे दोनों शहरों में स्वच्छता व्यवस्था, कचरा प्रबंधन, प्रयुक्त जल प्रबंधन और नागरिक सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार की उम्मीद है।

दोनों शहरों में किए जाने वाले नवाचार और प्राप्त अनुभव भविष्य में छत्तीसगढ़ के अन्य नगरीय निकायों के लिए मॉडल के रूप में उपयोग किए जा सकते हैं।

उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि रायपुर और बिलासपुर का ‘प्रगति-50’ में चयन पूरे छत्तीसगढ़ के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने इसे स्वच्छता मित्रों के परिश्रम और नागरिकों की भागीदारी का सम्मान बताया। उनके अनुसार, केंद्र सरकार के सहयोग से दोनों शहरों में स्वच्छता और नागरिक सुविधाओं को और मजबूत करने का अवसर मिलेगा।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *