केपटाउन। ODI वर्ल्ड कप 2027 को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है। ICC और क्रिकेट साउथ अफ्रीका (CSA) 1 अक्टूबर 2026 को केपटाउन में टूर्नामेंट के शेड्यूल का आधिकारिक ऐलान करेंगे। इसी दिन वर्ल्ड कप के टिकटों की बिक्री भी शुरू किए जाने की जानकारी सामने आई है। टूर्नामेंट का आयोजन 2027 में दक्षिण अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया में किया जाना है।
2027 का वनडे वर्ल्ड कप 14 टीमों के बीच खेला जाएगा। इसमें कुल 57 मुकाबले होंगे और 12 वेन्यू का इस्तेमाल किया जाएगा। शेड्यूल जारी होने के साथ ही टूर्नामेंट के लिए एक साल का काउंटडाउन भी शुरू हो जाएगा।
2 अक्टूबर से शुरू हो सकता है टूर्नामेंट
रिपोर्ट्स के मुताबिक, वर्ल्ड कप 2027 की शुरुआत 2 अक्टूबर 2027 से हो सकती है। वहीं फाइनल मुकाबला 21 नवंबर 2027 को खेले जाने की संभावना है। हालांकि, इन तारीखों की आधिकारिक पुष्टि शेड्यूल जारी होने के बाद ही होगी।
30 सितंबर तक 10 टीमों की तस्वीर साफ
वर्ल्ड कप में हिस्सा लेने वाली 14 टीमों में से 10 टीमों की स्थिति 30 सितंबर 2026 तक स्पष्ट हो जाएगी। मेजबान दक्षिण अफ्रीका और जिम्बाब्वे को पहले ही टूर्नामेंट में जगह मिल चुकी है। इसके अलावा ICC ODI रैंकिंग के आधार पर आठ अन्य टीमों को सीधे क्वालिफिकेशन मिलेगा।
नामीबिया भी मेजबान देशों में शामिल है, लेकिन उसकी वर्ल्ड कप में जगह अभी क्वालिफिकेशन प्रक्रिया पर निर्भर है। बाकी चार टीमों का फैसला क्वालिफायर टूर्नामेंट के जरिए होगा।
भारत समेत इन टीमों की सीधी एंट्री की दौड़
ICC की ODI रैंकिंग के आधार पर भारत, न्यूजीलैंड, पाकिस्तान, ऑस्ट्रेलिया, इंग्लैंड, श्रीलंका, अफगानिस्तान और बांग्लादेश की टीमें सीधे क्वालिफाई करने की स्थिति में हैं। मेजबान दक्षिण अफ्रीका को पहले ही जगह मिल चुकी है।
वेस्टइंडीज के लिए वर्ल्ड कप में जगह बनाने का रास्ता क्वालिफायर से होकर गुजरेगा। टीम लगातार तीसरी बार 50 ओवर के वर्ल्ड कप के लिए सीधे क्वालिफाई नहीं कर सकी है। क्वालिफायर मुकाबले 2027 की शुरुआत में आयोजित किए जाने हैं।
तीन चरणों में होगा मुख्य मुकाबला
वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल और फाइनल से पहले टूर्नामेंट में तीन चरण होंगे।
सुपर सीरीज
सबसे पहले कम रैंकिंग वाली तीन क्वालिफाइड टीमें सुपर सीरीज में हिस्सा लेंगी। ये टीमें राउंड रॉबिन फॉर्मेट में एक-दूसरे के खिलाफ खेलेंगी। इस चरण की शीर्ष टीम अगले दौर में पहुंचेगी।
12 टीमों का दूसरा राउंड
इसके बाद कुल 12 टीमें मैदान में होंगी। इन्हें छह-छह टीमों के दो ग्रुप में बांटा जाएगा। इस चरण में कुल 30 मुकाबले खेले जाएंगे।
दोनों ग्रुप की शीर्ष तीन-तीन टीमें आगे बढ़ेंगी। इसके अलावा दोनों ग्रुप में चौथे स्थान पर रहने वाली टीमों में बेहतर प्रदर्शन करने वाली टीम भी अगले चरण में जगह बनाएगी।
सुपर-7 चरण
सुपर-7 में कुल 21 मुकाबले खेले जाएंगे। इसमें टीमें राउंड रॉबिन फॉर्मेट में एक-दूसरे से भिड़ेंगी। सुपर-7 की शीर्ष चार टीमें सेमीफाइनल के लिए क्वालिफाई करेंगी।
सेमीफाइनल में पहले स्थान पर रहने वाली टीम का सामना चौथे स्थान वाली टीम से होगा, जबकि दूसरे स्थान की टीम तीसरे स्थान वाली टीम के खिलाफ उतरेगी।
इसके बाद दोनों सेमीफाइनल की विजेता टीमें खिताबी मुकाबले में आमने-सामने होंगी। फाइनल जीतने वाली टीम ODI वर्ल्ड कप 2027 की चैंपियन बनेगी।
1 अक्टूबर को सामने आएगी पूरी तस्वीर
ICC और क्रिकेट साउथ अफ्रीका की ओर से 1 अक्टूबर को शेड्यूल जारी होने के बाद मुकाबलों की तारीख, वेन्यू और टीमों के ग्रुप से जुड़ी पूरी तस्वीर साफ हो जाएगी। इसी के साथ क्रिकेट प्रशंसकों के लिए वर्ल्ड कप 2027 का आधिकारिक काउंटडाउन भी शुरू हो जाएगा।