नागोया । एशियन गेम्स 2026 में भारतीय स्क्वॉश टीम के लिए शनिवार का दिन शानदार रहा। अभय सिंह और अनाहत सिंह ने अपने-अपने सेमीफाइनल मुकाबले जीतकर पुरुष और महिला सिंगल्स के फाइनल में जगह बना ली है। वहीं, जोशना चिनप्पा और वेलवन सेंथिलकुमार की जोड़ी ने मिक्स्ड डबल्स में कांस्य पदक हासिल किया।
0-2 से पिछड़कर अनाहत का शानदार कमबैक
महिला सिंगल्स के सेमीफाइनल में 18 वर्षीय अनाहत सिंह ने जापान की वर्ल्ड नंबर-6 सातोमी वातानाबे को 9-11, 11-13, 12-10, 11-6, 11-3 से हराया।
अनाहत मुकाबले में शुरुआती दो गेम हारकर 0-2 से पीछे थीं। इसके बाद भारतीय खिलाड़ी ने दबाव में शानदार वापसी की और लगातार तीन गेम जीतकर मुकाबला अपने नाम कर लिया। इस जीत के साथ अनाहत एशियन गेम्स में महिला सिंगल्स के फाइनल में पहुंचने वाली पहली भारतीय खिलाड़ी बन गई हैं।
मुकाबले के दौरान गेंद लेने की कोशिश में अनाहत का सिर जापानी खिलाड़ी के कंधे से टकराया, जिसके बाद उन्हें मेडिकल सहायता भी लेनी पड़ी। हालांकि, उन्होंने मुकाबला जारी रखा और निर्णायक गेम में 11-3 से जीत दर्ज की।
अभय ने मोहम्मद इरफान को सीधे गेमों में हराया
पुरुष सिंगल्स के सेमीफाइनल में अभय सिंह ने पाकिस्तान के मोहम्मद इरफान को 11-3, 12-10, 11-6 से शिकस्त दी। करीब 35 मिनट चले मुकाबले में अभय ने शुरुआत से ही नियंत्रण बनाए रखा।
पहले गेम में 6-2 की बढ़त बनाने के बाद उन्होंने 11-3 से गेम जीता। दूसरे गेम में इरफान ने कड़ी चुनौती दी, लेकिन अभय ने 12-10 से गेम अपने नाम कर 2-0 की बढ़त हासिल कर ली। तीसरे गेम में भी भारतीय खिलाड़ी ने दबाव बनाए रखा और 11-6 से जीत दर्ज करते हुए फाइनल का टिकट पक्का कर लिया।
जोशना-सेंथिलकुमार ने जीता कांस्य
इससे पहले मिक्स्ड डबल्स में जोशना चिनप्पा और वेलवन सेंथिलकुमार की भारतीय जोड़ी को सेमीफाइनल में हांगकांग के तांग मिंग हांग और ली का यी के खिलाफ 1-2 से हार का सामना करना पड़ा। भारतीय जोड़ी 10-11, 11-2, 10-11 से मुकाबला हार गई।
सेमीफाइनल में हार के बावजूद भारतीय जोड़ी ने कांस्य पदक अपने नाम किया। 40 वर्षीय जोशना के लिए यह एशियन गेम्स का छठा पदक है।
अब निगाहें अभय सिंह और अनाहत सिंह के फाइनल मुकाबलों पर हैं, जहां दोनों भारतीय खिलाड़ी गोल्ड मेडल के लिए कोर्ट पर उतरेंगे।