रायपुर । मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने शुक्रवार को मुंगेली जिले के ग्राम मदकू में 68 करोड़ 96 लाख 96 हजार रुपये की लागत के 21 विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने स्वास्थ्य, शिक्षा, पर्यटन, बिजली, खेल और जनसुविधाओं से जुड़े कई महत्वपूर्ण कार्यों की घोषणा की।
मुख्यमंत्री ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत आयोजित आंगन मिलन सेवा, रक्तदान एवं नि:शुल्क मेगा स्वास्थ्य शिविर में भी शामिल हुए। उन्होंने कार्यक्रम में कहा कि सरकार का लक्ष्य विकास की गति तेज करने के साथ शासन की योजनाओं और जनसेवाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है।
सरगांव में ट्रॉमा सेंटर, मदकू में इको टूरिज्म सेंटर
मुख्यमंत्री ने सरगांव सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में ट्रॉमा सेंटर शुरू करने की घोषणा की। इसके अलावा पिपर डोल और लमती की प्राथमिक शालाओं को मिडिल स्कूल में उन्नत करने का भी ऐलान किया।
मदकू द्वीप के पर्यटन विकास को लेकर मुख्यमंत्री ने 75 लाख रुपये की लागत से इको टूरिज्म सेंटर स्थापित करने की घोषणा की। ताला महोत्सव और मदकू द्वीप उत्सव के आयोजन के लिए 15-15 लाख रुपये देने की बात भी कही गई।
पथरिया के अवंती बाई लोधी कॉलेज में रानी अवंती बाई लोधी की आदमकद प्रतिमा स्थापित करने के लिए 25 लाख रुपये देने की घोषणा की गई। वहीं भाटापारा में इनडोर स्टेडियम और क्षेत्र के 10 गांवों में 10-10 लाख रुपये की लागत से सीसी रोड निर्माण की घोषणा भी मुख्यमंत्री ने की।
इसके साथ ही मदकू और तुमाढेठा में 33 केवी सब स्टेशन, चंदखुरी की कोर बस्ती में भवन निर्माण के लिए 30 लाख रुपये तथा मदकू में सामुदायिक भवन निर्माण की घोषणा की गई।
34.77 करोड़ के कार्यों का लोकार्पण, 34.19 करोड़ के कार्यों का शिलान्यास
मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम में कुल 68 करोड़ 96 लाख 96 हजार रुपये के 21 विकास कार्यों की सौगात दी। इनमें 34 करोड़ 77 लाख 19 हजार रुपये के पूर्ण कार्यों का लोकार्पण और 34 करोड़ 19 लाख 77 हजार रुपये के नए कार्यों का शिलान्यास शामिल है।
लोकार्पित कार्यों में लोक निर्माण विभाग के तहत लोरमी विधानसभा क्षेत्र के 20 करोड़ 07 लाख 61 हजार रुपये की लागत वाले आठ कार्य तथा बिल्हा विधानसभा क्षेत्र में 10 करोड़ 68 लाख 06 हजार रुपये का एक कार्य शामिल है। इसके अलावा ग्रामीण यांत्रिकी सेवा, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग तथा पुलिस विभाग से जुड़े कार्यों का भी लोकार्पण किया गया।
शिलान्यास किए गए कार्यों में मुख्यमंत्री ग्राम सड़क एवं विकास योजना के तहत मुंगेली विधानसभा क्षेत्र में 8 करोड़ 04 लाख 63 हजार रुपये का एक कार्य शामिल है। लोक निर्माण विभाग के अंतर्गत मुंगेली में 20 करोड़ 88 लाख 29 हजार रुपये के तीन तथा बिल्हा में 4 करोड़ 83 लाख 85 हजार रुपये के दो कार्यों की आधारशिला रखी गई। बिल्हा क्षेत्र में स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के 43 लाख रुपये के कार्य का भी शिलान्यास किया गया।
माताओं और बच्चों के स्वास्थ्य पर जोर
मुख्यमंत्री साय ने आंगनबाड़ी केंद्रों को बच्चों के पोषण और माताओं के स्वास्थ्य की महत्वपूर्ण आधारशिला बताते हुए कहा कि बच्चों के शुरुआती वर्षों में पोषण, स्वास्थ्य, टीकाकरण और देखभाल पर विशेष ध्यान देना जरूरी है।
उन्होंने कहा कि ‘आंगन मिलन’ के माध्यम से परिवारों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं और स्वास्थ्यकर्मियों के बीच संवाद बढ़ रहा है। इस दौरान बच्चों के पोषण, गर्भवती माताओं की देखभाल, एनीमिया, टीकाकरण और स्वच्छता जैसे विषयों पर जागरूकता बढ़ाई जा रही है।
मुख्यमंत्री ने मितानिनों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि दूरस्थ क्षेत्रों तक स्वास्थ्य और पोषण सेवाओं को पहुंचाने में उनकी भूमिका महत्वपूर्ण है।
उन्होंने बताया कि महतारी वंदन योजना के तहत प्रदेश की लगभग 68 लाख महिलाओं के खातों में प्रतिमाह एक हजार रुपये की सहायता सीधे पहुंचाई जा रही है।
समय पर स्वास्थ्य जांच कराने की अपील
मेगा स्वास्थ्य शिविर में पहुंचे लोगों से मुख्यमंत्री ने स्वास्थ्य जांच का लाभ लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि रक्तचाप, मधुमेह और एनीमिया जैसी स्वास्थ्य समस्याओं की समय पर पहचान होने से उपचार अधिक प्रभावी ढंग से किया जा सकता है।
उन्होंने रक्तदान करने वाले लोगों की सराहना करते हुए कहा कि रक्तदान जरूरतमंद व्यक्ति के जीवन को बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
मदकू की ऐतिहासिक विरासत को पर्यटन से जोड़ने पर जोर
मुख्यमंत्री ने मदकू द्वीप के ऐतिहासिक, धार्मिक और पुरातात्विक महत्व का उल्लेख करते हुए कहा कि क्षेत्र की विरासत का संरक्षण करते हुए इसे पर्यटन से जोड़ने की दिशा में काम किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पर्यटन सुविधाओं के विस्तार से स्थानीय लोगों के लिए रोजगार और आजीविका के नए अवसर भी विकसित हो सकते हैं।
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने भी मदकू द्वीप को छत्तीसगढ़ की प्राचीन विरासत का महत्वपूर्ण केंद्र बताते हुए इसके संरक्षण और विकास के लिए सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने कहा कि मदकू द्वीप 11वीं सदी का महत्वपूर्ण धार्मिक केंद्र रहा है।
कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे मौजूद
कार्यक्रम की अध्यक्षता केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्यमंत्री तोखन साहू ने की। उन्होंने समाजसेवी स्वर्गीय शांताराम सराफ को उनकी पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि दी और मदकू द्वीप के ऐतिहासिक एवं पुरातात्विक महत्व को सामने लाने में उनके योगदान को याद किया।
कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री अरुण साव, पूर्व राज्यपाल रमेश बैस, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री दयाल दास बघेल, वाणिज्य एवं उद्योग तथा जिले के प्रभारी मंत्री लखन लाल देवांगन, बिल्हा विधायक धरमलाल कौशिक, बिलासपुर विधायक अमर अग्रवाल, बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला, मुंगेली विधायक पुन्नूलाल मोहले सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
इसके अलावा बिलासपुर राजस्व संभाग के संभागायुक्त सुनील जैन, बिलासपुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक राम गोपाल गर्ग, कलेक्टर अमृत विकास तोपनो, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल सहित बड़ी संख्या में अधिकारी और नागरिक कार्यक्रम में उपस्थित रहे।