शिवरीनारायण/सक्ती | युवा गतिविधियों में अपनी सक्रियता और प्रतिभा का लोहा मनवाने वाले सक्ती जिले के दादू केवट को ‘माई भारत’ (My Bharat) मंच की ओर से स्टेट लेवल पर ‘यूथ एंबेसडर’ (युवा दूत) की जिम्मेदारी सौंपी गई है। उनकी इस बड़ी उपलब्धि पर कलेक्ट्रेट सक्ती के टीएल मीटिंग हॉल में आयोजित जिला स्तरीय बैठक के दौरान कलेक्टर जयश्री जैन ने उन्हें सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
संघर्षों से निकलकर राष्ट्रीय स्तर तक का सफर
सक्ती जिले के एक छोटे से गांव सलनी के रहने वाले दादू केवट ने आर्थिक विषमताओं और पारिवारिक संघर्षों के बावजूद अपनी पढ़ाई जारी रखी और राष्ट्रीय पटल पर अपनी एक अलग पहचान बनाई है।
-
प्रमुख उपलब्धियां: वे व्हीबीवाईएलडी-2026 के नेशनल फाइनलिस्ट और ‘माई भारत’ के स्वयंसेवक रहे हैं। क्विज, निबंध लेखन, प्रेजेंटेशन और फाइनल इंटरव्यू जैसे कठिन चरणों को पार करते हुए उन्होंने स्टेट लेवल पर 83,597 युवाओं के बीच स्टेट रैंक-07 हासिल की और सक्ती जिले से प्रथम माई भारत वॉलिंटियर के रूप में राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचे।
-
भारत मंडपम में भागीदारी: नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित राष्ट्रीय युवा महोत्सव-2026 में शामिल होकर उन्होंने देश भर के युवाओं के बीच संवाद और नेतृत्व का अनूठा अनुभव प्राप्त किया है। वर्तमान में वे बिलासपुर में रहकर सिविल सेवा (Civil Services) की तैयारी कर रहे हैं।
कलेक्टर ने की सराहना, समाज में खुशी की लहर
कलेक्ट्रेट में आयोजित महती बैठक के दौरान कलेक्टर जयश्री जैन, जिला पंचायत सीईओ वाशु जैन, डिप्टी कलेक्टर प्रीतेश राजपूत, डीवाईओ प्रतिष्ठा माथुर और विभिन्न महाविद्यालयों के प्राचार्यों की उपस्थिति में दादू केवट को सम्मानित किया गया।
इस उपलब्धि पर केवट (निषाद) समाज केंद्रीय समिति शिवरीनारायण छत्तीसगढ़, जिले के नागरिकों और उनके परिजनों ने गहरा हर्ष व्यक्त किया है। समाज के पदाधिकारियों ने इसे ग्रामीण युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बताते हुए दादू केवट को आत्मीय बधाई और शुभकामनाएं दी हैं।