बिलासपुर। साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एसईसीएल) ने भारत सरकार के प्रशासनिक सुधार एवं लोक शिकायत विभाग (DARPG) के विशेष अभियान 6 के तहत व्यापक स्वच्छता एवं प्रशासनिक सुधार की तैयारी शुरू कर दी है। अभियान के तहत एसईसीएल ने 40 लाख वर्गफीट क्षेत्र की सफाई और 3,300 मीट्रिक टन स्क्रैप के निस्तारण का लक्ष्य निर्धारित किया है।
2 अक्टूबर से 31 अक्टूबर 2026 तक चलने वाले इस अभियान के लिए एसईसीएल के विभिन्न प्रतिष्ठानों में 225 स्थलों को चिन्हित किया गया है। स्वच्छता के साथ इस अभियान में ई-वेस्ट प्रबंधन, कार्यालयीन स्थानों के बेहतर उपयोग, रिकॉर्ड प्रबंधन और लंबित प्रशासनिक कार्यों के निपटारे पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
225 स्थलों पर होगी सफाई
अभियान के दौरान चिन्हित 225 स्थलों पर लगभग 40 लाख वर्गफीट क्षेत्र की सफाई की जाएगी। इसके साथ ही 3,300 मीट्रिक टन स्क्रैप के निस्तारण का लक्ष्य रखा गया है। स्क्रैप के निस्तारण से जहां कार्यालय एवं औद्योगिक परिसरों में अनावश्यक सामग्री हटेगी, वहीं कंपनी को इससे राजस्व भी प्राप्त होगा।
ई-वेस्ट के जिम्मेदाराना निस्तारण पर जोर
विशेष अभियान 6 में इस वर्ष ई-वेस्ट के प्रभावी संग्रहण, पृथक्करण और जिम्मेदाराना निस्तारण को प्राथमिकता दी जा रही है। एसईसीएल के विभिन्न कार्यालयों और प्रतिष्ठानों में इलेक्ट्रॉनिक कचरे की पहचान, व्यवस्थित संग्रहण एवं पृथक्करण किया जाएगा। इसके बाद निर्धारित प्रक्रियाओं के अनुरूप ई-वेस्ट का निस्तारण किया जाएगा।
ई-वेस्ट के पर्यावरणीय रूप से जिम्मेदार प्रबंधन को लेकर कर्मचारियों और अन्य हितधारकों के बीच जागरूकता बढ़ाने के लिए भी विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।
500 भौतिक और 7,000 ई-फाइलों की होगी समीक्षा
अभियान के दौरान प्रशासनिक दक्षता बढ़ाने के लिए रिकॉर्ड प्रबंधन और लंबित कार्यों के निपटारे पर भी विशेष फोकस रहेगा। एसईसीएल ने 500 भौतिक फाइलों की समीक्षा, 200 भौतिक फाइलों के निस्तारण, 7,000 ई-फाइलों की समीक्षा और 3,000 ई-फाइलों को बंद करने का लक्ष्य तय किया है।
इसका उद्देश्य पुराने एवं अनावश्यक रिकॉर्ड को व्यवस्थित करना, कार्यालयीन स्थान का बेहतर उपयोग सुनिश्चित करना और कार्यप्रणाली को अधिक प्रभावी एवं सुव्यवस्थित बनाना है।
विशेष अभियान 5 में भी हासिल की गईं महत्वपूर्ण उपलब्धियां
एसईसीएल ने विशेष अभियान 5 के दौरान निर्धारित लक्ष्य से अधिक स्थलों पर स्वच्छता गतिविधियां संचालित की थीं। अभियान में 203 स्थलों के लक्ष्य के मुकाबले 229 स्थलों पर स्वच्छता अभियान चलाया गया। इस दौरान 43 लाख वर्गफीट से अधिक क्षेत्र की सफाई की गई और 6,400 मीट्रिक टन से अधिक स्क्रैप का निस्तारण हुआ। इससे लगभग 24 करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ था।
अभियान की निर्धारित अवधि समाप्त होने के बाद भी स्वच्छता एवं स्थान प्रबंधन से जुड़े प्रयास जारी रहे। नवंबर 2025 से अगस्त 2026 के बीच लगभग 2.52 लाख वर्गफीट अतिरिक्त क्षेत्र की सफाई की गई।
15 सितंबर से तैयारी चरण, 2 अक्टूबर से होगा क्रियान्वयन
विशेष अभियान 6 का तैयारी चरण 15 से 30 सितंबर 2026 तक चल रहा है। इस दौरान अभियान के लक्ष्यों की पहचान, स्वच्छता स्थलों का चयन, पुराने रिकॉर्ड एवं लंबित मामलों की समीक्षा तथा स्क्रैप और ई-वेस्ट की पहचान की जा रही है।
इसके बाद 2 से 31 अक्टूबर 2026 तक अभियान का क्रियान्वयन चरण चलेगा। अभियान में स्वच्छता, स्थान के बेहतर उपयोग, स्क्रैप प्रबंधन, ई-वेस्ट निस्तारण, रिकॉर्ड प्रबंधन, डिजिटलाइजेशन और प्रशासनिक लंबित मामलों में कमी लाने को प्रमुखता दी जाएगी।