एंजेल वन के फाउंडर दिनेश ठक्कर ने 711 करोड़ में खरीदा पूरा टावर कभी 40 की उम्र तक रहते थे किराए के घर में

देश  |देश  की प्रमुख डिजिटल फाइनेंशियल सर्विस और स्टॉक ब्रोकिंग कंपनी ‘एंजेल वन’ के संस्थापक दिनेश ठक्कर ने रियल एस्टेट बाजार में एक बहुत बड़ा और ऐतिहासिक सौदा किया है। उन्होंने मुंबई के सबसे महंगे और पॉश इलाकों में शुमार जुहू में एक पूरा लग्जरी टावर खरीद लिया है, जिसकी कीमत करीब 711 करोड़ रुपये बताई जा रही है.

कौन हैं दिनेश ठक्कर?

दिनेश ठक्कर भारत के दिग्गज उद्यमियों और निवेशकों में गिने जाते हैं. उन्होंने साल 1996 में ‘एंजेल वन’ (तब एंजेल ब्रोकिंग) की नींव रखी थी. शुरुआती दिनों में यह एक ट्रेडिशनल ब्रोकरेज फर्म थी, जिसे बाद में उन्होंने एक सफल डिजिटल फाइनेंशियल प्लेटफॉर्म में बदल दिया. साल 2019 से कंपनी ने डिजिटल स्पेस में जो छलांग लगाई, उसने इसे देश की शीर्ष ब्रोकिंग फर्मों में ला खड़ा किया. बिजनेस के अलावा दिनेश ठक्कर को लग्जरी कारों का भी शौक है; उनके पास फेरारी, लेम्बोर्गिनी, पोर्श और एएमजी जैसी सुपरकार्स का शानदार कलेक्शन है.

कभी 40 की उम्र तक रहते थे किराए के घर में

दिनेश ठक्कर की सफलता की राह इतनी आसान नहीं रही है. उन्होंने अपनी जिंदगी में कई उतार-चढ़ाव देखे हैं. मैशेबल इंडिया को दिए एक इंटरव्यू में उन्होंने खुलासा किया था कि वे लगभग 38 से 40 साल की उम्र तक किराए के घरों में रहते थे.

उनका मानना था कि करियर के शुरुआती दौर में रियल एस्टेट में भारी रकम फंसाने के बजाय उस पूंजी को अपने बिजनेस में लगाना चाहिए, क्योंकि उनका बिजनेस उस समय बेहतर रिटर्न दे रहा था. जब उनका बिजनेस और पारिवारिक जीवन पूरी तरह स्थिर हो गया, तब उन्होंने अपना खुद का घर खरीदने का फैसला किया. उन्होंने अपने इस नए और भव्य आशियाने का नाम “एंजेलस” रखा है.

डॉट-कॉम बबल में डूब गई थी 80% पूंजी

दिनेश ठक्कर ने अपने शुरुआती संघर्षों के बारे में बात करते हुए बताया था कि साल 2001 में उन्होंने एक इंटरनेट ट्रेडिंग प्लेटफॉर्म में भारी निवेश किया था, लेकिन ‘डॉट-कॉम बबल’ फूटने के कारण उन्हें अपनी लगभग 80% पूंजी गंवानी पड़ी थी. हालांकि, इस करारी असफलता के बाद भी उन्होंने हार नहीं मानी और अपनी मेहनत के दम पर एक बेहतरीन कमबैक करते हुए आज इस मुकाम को हासिल किया है.

कितना शानदार है यह नया टावर?

जुहू तारा रोड पर ‘एम्बेसी टेराजा’ (Embassy Terasa) नामक प्रोजेक्ट में स्थित यह प्रॉपर्टी कोई आम अपार्टमेंट नहीं है:

  • भव्य आकार: दिनेश ठक्कर ने लगभग 63,000 वर्ग फुट के रेरा कारपेट एरिया में फैला हुआ एक पूरा जी+7 (ग्राउंड+7 मंजिला) टावर खरीदा है.

  • रिकॉर्ड कीमत: यह सौदा लगभग 1.13 लाख रुपये प्रति वर्ग फुट के हिसाब से हुआ है, जो जुहू इलाके में रेजिडेंशियल प्रॉपर्टी के लिए अब तक का एक नया रिकॉर्ड है.

  • यह पूरा प्रोजेक्ट दो एकड़ से अधिक क्षेत्र में फैला हुआ है, जिसमें कुल पांच टावर और लगभग 50 अल्ट्रा-लग्जरी घर शामिल हैं. इस प्रोजेक्ट का विकास ‘एम्बेसी डेवलपमेंट्स’ द्वारा किया जा रहा है.

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *