बनोरा में CM साय ने अघोरेश्वर भगवान राम जी के किए दर्शन बच्चों की विज्ञान प्रदर्शनी सराही

रायगढ़ । अघोरेश्वर भगवान राम जी के अवतरण दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय शुक्रवार को रायगढ़ जिले के ग्राम बनोरा स्थित अघोर गुरु पीठ पहुंचे। उन्होंने उपासना स्थल पर अघोरेश्वर अवधूत भगवान राम जी की प्रतिमा के दर्शन कर पूजा-अर्चना की और प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि, शांति एवं खुशहाली की कामना की।

मुख्यमंत्री ने पूज्य बाबा प्रियदर्शी राम जी से भेंट कर उनका आशीर्वाद और मार्गदर्शन प्राप्त किया। आश्रम की परंपरा के अनुरूप मुख्यमंत्री ने श्रद्धालुओं और क्षेत्रवासियों के साथ पंगत में बैठकर प्रसाद भी ग्रहण किया।

नवीन विद्या मंदिर भवन का लोकार्पण

मुख्यमंत्री साय ने अघोरेश्वर भगवान राम विद्या मंदिर के नवीन भवन का लोकार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने विद्यालय परिसर का अवलोकन किया और विद्यार्थियों द्वारा लगाई गई विज्ञान प्रदर्शनी का निरीक्षण किया। बच्चों द्वारा प्रस्तुत वैज्ञानिक मॉडल और नवाचारों की सराहना करते हुए मुख्यमंत्री ने उनकी रचनात्मकता एवं वैज्ञानिक सोच का उत्साहवर्धन किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि अघोरेश्वर भगवान राम जी का जीवन मानव सेवा, करुणा और सामाजिक समरसता के लिए समर्पित रहा। बनोरा अघोर गुरु पीठ इसी सेवा परंपरा को आगे बढ़ाते हुए आध्यात्मिक गतिविधियों के साथ स्वास्थ्य, शिक्षा और समाज सेवा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण कार्य कर रहा है।

उन्होंने कहा कि नया विद्या मंदिर आधुनिक शिक्षा के साथ बच्चों में संस्कार, संवेदनशीलता और समाज के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। मुख्यमंत्री ने शिक्षकों से विद्यार्थियों में ज्ञान के साथ अनुशासन, संस्कार और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करने का आह्वान किया।

8 एकड़ परिसर में तैयार हुआ आधुनिक विद्यालय

अघोर गुरु पीठ ट्रस्ट द्वारा निर्मित नया विद्यालय परिसर करीब 8 एकड़ क्षेत्र में विकसित किया गया है। लगभग एक लाख वर्गफीट में निर्मित जी+2 भवन में विद्यार्थियों के लिए आधुनिक शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं।

विद्यालय में 41 कक्षाएं और 9 आधुनिक प्रयोगशालाएं बनाई गई हैं। इसके अलावा पुस्तकालय, स्मार्ट क्लास और नर्सरी कक्षाओं के बच्चों के लिए खेल सामग्री एवं गतिविधि आधारित शिक्षण की व्यवस्था की गई है। विद्यालय के संचालन के लिए 32 शिक्षक और 14 कार्यालयीन कर्मचारियों की व्यवस्था की गई है।

सेवा और सामाजिक समरसता की परंपरा को सराहा

मुख्यमंत्री ने कहा कि बनोरा आश्रम आध्यात्मिक चेतना के साथ मानव सेवा का भी महत्वपूर्ण केंद्र है। स्वास्थ्य एवं नेत्र शिविरों, जरूरतमंदों की सहायता और दिव्यांगजनों को कृत्रिम अंग उपलब्ध कराने जैसी गतिविधियों के माध्यम से आश्रम समाज सेवा की परंपरा को आगे बढ़ा रहा है।

मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर अघोरेश्वर भगवान राम जी और बनोरा आश्रम से अपने परिवार के पुराने जुड़ाव का भी उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि उनके बड़े पिताजी स्वर्गीय केदारनाथ साय जी अघोरेश्वर भगवान राम जी के परम शिष्य थे। मुख्यमंत्री ने बाबा प्रियदर्शी राम जी के प्रति श्रद्धा व्यक्त करते हुए उनके मार्गदर्शन और आशीर्वाद के लिए आभार जताया।

वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक ओ.पी. चौधरी ने भी समारोह को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि बनोरा आश्रम आध्यात्मिक साधना के साथ शिक्षा, चिकित्सा, मानव सेवा और सामाजिक सरोकारों का महत्वपूर्ण केंद्र बन चुका है। नवीन विद्यालय भवन से सेवा परंपरा में शिक्षा का एक नया आयाम जुड़ा है।

कार्यक्रम में लोकसभा सांसद राधेश्याम राठिया, राज्यसभा सांसद देवेंद्र प्रताप सिंह, नगर निगम महापौर जीवर्धन चौहान, जनपद पंचायत अध्यक्ष सुजाता सुकलाल चौहान, कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशिमोहन सिंह सहित जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, ट्रस्ट के पदाधिकारी, संतवृंद, शिक्षक, विद्यार्थी और बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *