रायपुर । कांकेर जिले में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक आयोजित होने वाले सेवा संकल्प अभियान की तैयारियों को लेकर जिले के प्रभारी मंत्री एवं उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने मंगलवार को वर्चुअल बैठक ली। बैठक में उन्होंने अभियान के तहत प्रस्तावित कार्यक्रमों की तैयारियों की समीक्षा करते हुए अधिक से अधिक जनभागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में सांसद भोजराज नाग, विधायक आशाराम नेताम और जिला पंचायत अध्यक्ष किरण नरेटी वर्चुअली शामिल हुईं। कलेक्टर कुन्दन कुमार ने जिले के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक में हिस्सा लिया और प्रभारी मंत्री के समक्ष अभियान की प्रस्तावित गतिविधियों की जानकारी दी।
गांधी जयंती पर स्कूलों में होंगे विशेष कार्यक्रम
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने 2 अक्टूबर, गांधी जयंती के अवसर पर जिले के सभी स्कूलों में स्वच्छता को लेकर विशेष गतिविधियां आयोजित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि विद्यालय खुलने के बाद प्राथमिक से लेकर उच्चतर माध्यमिक स्तर तक विद्यार्थियों को स्वच्छता के महत्व की जानकारी दी जाए और उन्हें स्वच्छता की शपथ दिलाई जाए। विद्यार्थियों को स्वयं स्वच्छ रहने के साथ अपने आसपास के लोगों को भी स्वच्छता के प्रति जागरूक और प्रेरित करने के लिए प्रोत्साहित करने के निर्देश दिए गए।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि विद्यार्थियों के माध्यम से स्वच्छता का संदेश घर-घर और समाज तक पहुंचाया जा सकता है। इसके लिए स्कूल स्तर पर प्रभावी जनजागरूकता गतिविधियां आयोजित की जाएं।
जनभागीदारी बढ़ाने पर जोर
बैठक में अरुण साव ने सेवा संकल्प अभियान के दौरान आयोजित होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों में अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों को अभियान की गतिविधियों का प्रभावी क्रियान्वयन और आपसी समन्वय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर कुन्दन कुमार ने जिले में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक प्रस्तावित विभिन्न गतिविधियों एवं जनभागीदारी कार्यक्रमों की रूपरेखा प्रस्तुत की।
जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे मौजूद
वर्चुअल बैठक में हस्तशिल्प बोर्ड की अध्यक्ष शालिनी राजपूत, कांकेर नगर पालिका अध्यक्ष अरुण कौशिक, महेश जैन, बृजेश चौहान, पुलिस अधीक्षक निखिल राखेचा, जिला पंचायत सीईओ हरेश मण्डावी और अपर कलेक्टर जितेन्द्र कुर्रे सहित अनेक जनप्रतिनिधि तथा अभियान से जुड़े नोडल अधिकारी उपस्थित रहे।
सेवा संकल्प अभियान के दौरान जिले में विभिन्न जनभागीदारी आधारित गतिविधियां आयोजित की जाएंगी, जिनका उद्देश्य सेवा, स्वच्छता और सामाजिक जागरूकता से जुड़े कार्यों में नागरिकों की सहभागिता बढ़ाना है।