बिलाड़ी में गूंजा श्रीराम नाम, रामसप्ताह में भक्तिमय हुआ पूरा गांव

तिल्दा-नेवरा। नगर के समीपस्थ ग्राम पंचायत बिलाड़ी में ग्रामवासियों की वार्षिक परंपरा के तहत इस वर्ष भी श्रीराम सप्ताह का आयोजन श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ किया गया। ग्राम स्थित मां महामाया मंदिर परिसर में आयोजित रामसप्ताह के दौरान पूरा गांव भक्तिमय वातावरण में डूबा रहा।

रामसप्ताह के दौरान दिन-रात ग्रामीणों की अलग-अलग टोलियों ने मांदर, झांझ और मंजीरे की थाप पर श्रीराम नाम धूनी और भजन-कीर्तन किया। इस दौरान “रघुपति राघव राजा राम, पतित पावन सीता राम” सहित अनेक रामभजनों का सामूहिक गायन किया गया।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिला-पुरुष और ग्रामीण श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। श्रद्धालुओं ने भगवान श्रीराम, माता जानकी, लक्ष्मण जी और हनुमान जी की विधि-विधानपूर्वक पूजा-अर्चना की। इस दौरान ग्रामीणों ने अपने परिवार और गांव की सुख-समृद्धि, शांति एवं खुशहाली की कामना की।

ग्रामीणों ने बताया कि रामसप्ताह केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि आस्था, आपसी भाईचारे, सामाजिक एकता और सद्भाव का प्रतीक भी है। आयोजन के माध्यम से ग्रामीणों में धार्मिक भावना के साथ सामाजिक समरसता और एकजुटता को भी बढ़ावा मिलता है।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *