बेंगलुरु | कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु में नकली दवाओं के एक बड़े नेटवर्क का खुलासा हुआ है। पुलिस और ड्रग्स कंट्रोल विभाग की संयुक्त कार्रवाई में कैंसर की दवाओं समेत कई जरूरी दवाओं की बड़ी खेप बरामद होने का दावा किया गया है। जांच एजेंसियों को शक है कि यह नेटवर्क शहर के करीब 90 अस्पतालों और क्लीनिकों तक दवाओं की सप्लाई करता था।
50 फीसदी तक छूट पर बेचने का आरोप
मामला मिनर्वा सर्कल के पास स्थित कृपा हेल्थकेयर पर छापेमारी के बाद सामने आया। अधिकारियों के मुताबिक, यहां से बड़ी मात्रा में संदिग्ध नकली दवाएं बरामद हुईं। आरोप है कि कैंसर की दवाओं, लाइफ सेविंग ड्रग्स और ICU में इस्तेमाल होने वाले इंजेक्शनों को करीब 50 फीसदी तक की छूट पर अस्पतालों और क्लीनिकों को सप्लाई किया जाता था।
जांचकर्ताओं को यह भी शक है कि कुछ एक्सपायर्ड दवाओं के लेबल बदलकर उन्हें दोबारा बाजार में उतारा जाता था। कम कीमत पर हासिल की गई दवाओं को बड़े ब्रांड के नाम से बेचने की आशंका भी जांच में सामने आई है।
फार्मेसी मालिक गिरफ्तार
इस मामले में कृपा हेल्थकेयर के मालिक वीरेश कुमार जैन को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के मुताबिक, वह कथित नेटवर्क की एक अहम कड़ी है। हालांकि, जांच एजेंसियां मुख्य आरोपी बताए जा रहे प्रशांत की तलाश कर रही हैं, जो फिलहाल फरार है।
पुलिस को आशंका है कि नकली दवाओं का यह नेटवर्क सिर्फ बेंगलुरु तक सीमित नहीं हो सकता और इसके तार दूसरे राज्यों से भी जुड़े हो सकते हैं।
पहले भी बरामद हुई थी करोड़ों की नकली दवाएं
जांच को 18 अगस्त को दक्षिण बेंगलुरु में हुई एक अन्य छापेमारी से भी जोड़ा जा रहा है। उस कार्रवाई में कथित तौर पर नकली इनवॉइस, इंजेक्शन भरने के उपकरण और नकली लेबल बरामद किए गए थे। इसके बाद अधिकारियों ने जांच का दायरा बढ़ाया और कृपा हेल्थकेयर तक पहुंचे।
बेंगलुरु पुलिस की स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम (SIT) और ड्रग्स कंट्रोल विभाग अब पूरे नेटवर्क की जांच कर रहे हैं। अधिकारियों का कहना है कि यह पता लगाया जा रहा है कि नकली दवाओं की सप्लाई कहां से होती थी, किन अस्पतालों तक पहुंचाई जाती थी और इस नेटवर्क में कितने लोग शामिल हैं।
मामला गंभीर इसलिए भी है क्योंकि कथित तौर पर कैंसर और ICU जैसी गंभीर बीमारियों के इलाज में इस्तेमाल होने वाली दवाएं इस नेटवर्क के जरिए बाजार में पहुंचाई जा रही थीं। जांच पूरी होने के बाद ही पूरे रैकेट और इसमें शामिल लोगों की भूमिका स्पष्ट हो सकेगी।