माँ के सम्मान में पौधा, प्रकृति के नाम संकल्प: सक्ती में शिवराज सिंह चौहान और विष्णु देव साय ने किया पौधरोपण

रायपुर । पर्यावरण संरक्षण को जनभागीदारी से जोड़ने और प्रकृति के प्रति नागरिकों में जिम्मेदारी की भावना विकसित करने के उद्देश्य से ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत सक्ती जिले के ग्राम जेठा स्थित कॉलेज ग्राउंड में पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। केंद्रीय ग्रामीण विकास, कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान और छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कार्यक्रम में पौधरोपण कर अभियान का संदेश जन-जन तक पहुंचाया।

केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कदम का पौधा, जबकि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बादाम का पौधा रोपित किया। इस दौरान उपस्थित जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने भी पर्यावरण संरक्षण, हरियाली विस्तार और पौधों के संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।

मातृ सम्मान से जुड़ा पर्यावरण संरक्षण

‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान मातृ सम्मान की भावना को प्रकृति संरक्षण के संकल्प से जोड़ता है। अभियान के माध्यम से नागरिकों को अपनी माँ के सम्मान में पौधा लगाने और उसके संरक्षण की जिम्मेदारी निभाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।

कार्यक्रम में इस बात पर जोर दिया गया कि पौधरोपण केवल पौधा लगाने तक सीमित न रहे, बल्कि उसकी नियमित देखभाल कर उसे एक स्वस्थ वृक्ष के रूप में विकसित किया जाए। यही अभियान की मूल भावना है।

जनभागीदारी से बनेगा पर्यावरण संरक्षण जनआंदोलन

अभियान का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण को केवल सरकारी प्रयासों तक सीमित न रखते हुए व्यापक जनभागीदारी से जोड़ना है। अधिक से अधिक नागरिकों की सहभागिता से हरियाली बढ़ाने, पर्यावरण संतुलन बनाए रखने और आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ एवं सुरक्षित पर्यावरण तैयार करने का संदेश दिया जा रहा है।

देशभर में ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के माध्यम से नागरिकों को पौधरोपण से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। सक्ती जिले में केंद्रीय मंत्री और मुख्यमंत्री द्वारा किया गया पौधरोपण इसी अभियान की कड़ी में प्रकृति के प्रति संवेदनशीलता और सामूहिक जिम्मेदारी का प्रतीक बना।

ये रहे उपस्थित

कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा, जिले के प्रभारी मंत्री गुरु खुशवंत साहेब, जांजगीर-चांपा सांसद कमलेश जांगड़े, बिलासपुर संभागायुक्त सुनील जैन, विकसित भारत जीरामजी के आयुक्त तारण प्रकाश सिन्हा, कलेक्टर जयश्री जैन, पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल ठाकुर, जिला पंचायत सीईओ वासु जैन सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *