नई दिल्ली। Apple ने iPhone 18 Pro और iPhone 18 Pro Max को नए फीचर्स और अपग्रेड के साथ लॉन्च कर दिया है। इस बार कंपनी ने प्रो सीरीज में नया बरगंडी कलर भी जोड़ा है। दोनों मॉडल ब्लैक, सिल्वर, ग्लेशियर और बरगंडी कलर ऑप्शन में उपलब्ध होंगे।
भारत में iPhone 18 Pro की शुरुआती कीमत 1,64,900 रुपये, जबकि iPhone 18 Pro Max की कीमत 1,79,900 रुपये से शुरू होगी। दोनों स्मार्टफोन्स के प्री-ऑर्डर 12 सितंबर से शुरू होंगे और बिक्री 18 सितंबर से शुरू होने की बात कही गई है।
A20 Pro चिप और अपग्रेडेड Dynamic Island
iPhone 18 Pro में 6.3 इंच और Pro Max में 6.9 इंच का डिस्प्ले दिया गया है। दोनों मॉडल iOS 27 पर काम करेंगे। परफॉर्मेंस के लिए इनमें नई A20 Pro चिप दी गई है।
कंपनी ने Dynamic Island को भी अपग्रेड किया है। अब यह एक साथ तीन लाइव एक्टिविटीज दिखाने में सक्षम होगा, जिससे यूजर्स को नोटिफिकेशन और लाइव अपडेट देखने में ज्यादा सुविधा मिलेगी।
48MP के तीन कैमरे
कैमरा सेटअप की बात करें तो दोनों प्रो मॉडल में ट्रिपल रियर कैमरा सिस्टम मिलता है। इसमें 48MP का वेरिएबल अपर्चर वाला Fusion प्राइमरी कैमरा, 48MP अल्ट्रा-वाइड कैमरा और 48MP 2x टेलीफोटो लेंस शामिल है।
iPhone में पहली बार वेरिएबल अपर्चर का फीचर दिया गया है। इसमें छह लेजर-कट ब्लेड और चार अलग-अलग अपर्चर सेटिंग्स दी गई हैं। कैमरा जरूरत के मुताबिक अपर्चर को ऑटोमैटिक तरीके से एडजस्ट कर सकता है, जबकि यूजर्स इसे मैनुअली भी नियंत्रित कर सकेंगे।
सेल्फी और वीडियो कॉल के लिए Center Stage फ्रंट कैमरा दिया गया है।
नया Vapor Chamber सिस्टम
हेवी गेमिंग और लंबे समय तक इस्तेमाल के दौरान फोन को ज्यादा गर्म होने से बचाने के लिए Apple ने नया Vapor Chamber कूलिंग सिस्टम जोड़ा है। कंपनी के मुताबिक iPhone 18 Pro एक बार चार्ज होने पर 24 घंटे और Pro Max करीब 30 घंटे तक चल सकता है।
फोन में Apple Intelligence और Siri से जुड़े AI फीचर्स भी शामिल किए गए हैं। कुल मिलाकर iPhone 18 Pro सीरीज में कैमरा, परफॉर्मेंस, कूलिंग और डिजाइन के स्तर पर कई बड़े अपग्रेड देखने को मिलते हैं।