बस्तर के 87 छात्रों ने बढ़ाया मान, राष्ट्रीय क्रिटिकल थिंकिंग चैंपियनशिप के अगले दौर में बनाई जगह

किरंदुल। बस्तर के विद्यार्थियों ने तार्किक क्षमता, रचनात्मक सोच और समस्या समाधान के क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया है। एएम/एनएस इंडिया और टाइम्स फाउंडेशन की संयुक्त पहल नेशनल क्रिटिकल थिंकिंग चैंपियनशिप के तहत किरंदुल और आसपास के स्कूलों के 87 विद्यार्थियों का चयन अगले दौर के लिए किया गया है।

इस चैंपियनशिप का उद्देश्य विद्यार्थियों को पारंपरिक किताबी शिक्षा से आगे बढ़कर भविष्य के लिए जरूरी कौशल विकसित करने का अवसर देना है। इसमें तार्किक विश्लेषण, स्वतंत्र सोच, निर्णय लेने की क्षमता और वास्तविक जीवन की समस्याओं को समझकर उनका समाधान निकालने जैसे कौशल पर जोर दिया जाता है।

200 से ज्यादा लोगों की मौजूदगी में हुआ सम्मान

चयनित विद्यार्थियों के सम्मान में मंगल भवन, मिलेनियम पार्क फुटबॉल ग्राउंड, किरंदुल में सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में 200 से अधिक विद्यार्थी, अभिभावक, शिक्षक, स्थानीय जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी शामिल हुए। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को प्रमाण पत्र और पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।

यह चैंपियनशिप टिकनपाल, चोलनार, किरंदुल ग्रामीण, कड़मपाल, किरंदुल शहरी, हिरोली और गुमियापाल सहित सात क्लस्टर केंद्रों के स्कूलों में आयोजित की गई। विद्यार्थियों को ऐसे सवालों और गतिविधियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा दिखाने का मौका मिला, जिनमें जानकारी का विश्लेषण, अलग-अलग दृष्टिकोणों पर विचार और तार्किक निष्कर्ष तक पहुंचने की क्षमता परखी गई।

दूरस्थ क्षेत्र के विद्यार्थियों को मिला राष्ट्रीय मंच

बस्तर जैसे दूरस्थ क्षेत्र के विद्यार्थियों को राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलना इस पहल की खास उपलब्धि है। बदलते शिक्षा और रोजगार के माहौल में तार्किक सोच, रचनात्मकता और समस्या समाधान जैसे कौशल विद्यार्थियों के भविष्य के लिए तेजी से महत्वपूर्ण होते जा रहे हैं।

यह पहल राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी) 2020 की भावना के अनुरूप है, जिसमें रटने की बजाय विश्लेषणात्मक सोच, जिज्ञासा, रचनात्मकता और समस्या समाधान पर जोर दिया गया है।

 

जनप्रतिनिधियों और शिक्षा अधिकारियों ने बढ़ाया हौसला

सम्मान समारोह में दंतेवाड़ा जिला पंचायत अध्यक्ष नंदलाल मुड़ियामी और किरंदुल नगर पालिका अध्यक्ष रूबी शैलेंद्र सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने विद्यार्थियों को सम्मानित किया और उनकी उपलब्धि की सराहना की।

कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य सोमारू कड़ती, कुआकोंडा जनपद अध्यक्ष सुकालू मुड़ियामी और किरंदुल नगर पालिका उपाध्यक्ष बबलू सिद्दीकी समेत स्थानीय जनप्रतिनिधि और आसपास की ग्राम पंचायतों के सरपंच भी मौजूद रहे।

शिक्षा विभाग की ओर से जिला शिक्षा अधिकारी प्रमोद ठाकुर, कुआकोंडा के ब्लॉक शिक्षा अधिकारी प्रमोद भदौरिया, सहायक ब्लॉक शिक्षा अधिकारी मनोज राठौर, ब्लॉक शिक्षा समन्वयक रत्तू राणा और क्लस्टर समन्वयकों ने कार्यक्रम में हिस्सा लिया।

कार्यक्रम में मौजूद अतिथियों ने कहा कि विद्यार्थियों की यह उपलब्धि साबित करती है कि प्रतिभा किसी भौगोलिक सीमा की मोहताज नहीं होती। सही अवसर, मार्गदर्शन और मंच मिलने पर दूरस्थ क्षेत्रों के विद्यार्थी भी राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकते हैं।

अब राष्ट्रीय स्तर पर बस्तर का प्रतिनिधित्व करेंगे विद्यार्थी

अगले दौर के लिए चयनित 87 विद्यार्थी अब चैंपियनशिप के आगामी चरण में अपने स्कूल और बस्तर क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करेंगे। विद्यार्थियों की यह उपलब्धि उनके स्कूलों, शिक्षकों और पूरे स्थानीय समुदाय के लिए भी गौरव का विषय है।

एएम/एनएस इंडिया ने कहा कि कंपनी अपने संचालन क्षेत्रों के आसपास शिक्षा, स्वास्थ्य, कौशल विकास, आजीविका और सामुदायिक विकास से जुड़ी पहलों के जरिए स्थानीय समुदायों के सामाजिक एवं आर्थिक सशक्तिकरण के लिए प्रतिबद्ध है। टाइम्स फाउंडेशन के साथ यह साझेदारी विद्यार्थियों को सीखने और राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का महत्वपूर्ण मंच प्रदान कर रही है।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *