‘मनी फॉलोज माई ब्रदर’ अब सिर्फ मीम नहीं, पूरा गाना! रवि किशन ने मचाया इंटरनेट पर तहलका, 11 सितंबर को रिलीज़ होगा ट्रैक

नई दिल्ली। अभिनेता और सांसद रवि किशन इन दिनों सोशल मीडिया पर जमकर ट्रेंड कर रहे हैं। उनके वायरल डायलॉग ‘मनी फॉलोज माई ब्रदर’ ने पहले मीम की शक्ल ली और अब यही मीम एक पूरे गाने में बदल गया है। टी-सीरीज ने इस वायरल लाइन पर ऑफिशियल ट्रैक बनाने का ऐलान किया है, जिसका गाना 11 सितंबर को रिलीज होगा।

दरअसल, राज शमानी के पॉडकास्ट में रवि किशन से पहचान और पैसे को लेकर सवाल पूछा गया था। इसके जवाब में उन्होंने अपने खास अंदाज में कहा था- ‘पहचान… मनी फॉलोज माई ब्रदर।’ रवि किशन के बोलने का अंदाज, एक्सप्रेशन और यह लाइन सोशल मीडिया पर इतनी वायरल हुई कि देखते ही देखते इस पर जमकर मीम्स और रील्स बनने लगे।

टी-सीरीज ने वायरल मीम को बना दिया गाना

अब टी-सीरीज ने इसी वायरल मोमेंट को भुनाते हुए ‘मनी फॉलोज माई ब्रदर’ नाम से पूरा गाना तैयार किया है। मंगलवार को इसका टीजर जारी किया गया। वीडियो की शुरुआत एक मां और बच्चे से होती है। मां अपने बेटे से पूछती है कि पढ़ाई में मन नहीं लगता तो आगे चलकर क्या बनोगे?

इसके बाद रवि किशन की आवाज में बच्चा कहता है कि वह पूरे देश को पगला देगा। फिर कैमरा रवि किशन की तरफ जाता है और वह अपने वायरल अंदाज में कहते हैं- ‘मनी फॉलोज माई ब्रदर।’

‘GTA 6 से पहले ये भी देख लिया’

गाने का टीजर सामने आते ही सोशल मीडिया पर मजेदार कमेंट्स की बाढ़ आ गई। एक यूजर ने लिखा कि ‘GTA 6 से पहले ये भी देख लिया।’ वहीं कई यूजर्स ने टी-सीरीज के इस कदम को वायरल मीम का सही समय पर फायदा उठाना बताया।

11 सितंबर को रिलीज होगा गाना

‘मनी फॉलोज माई ब्रदर’ का पूरा गाना 11 सितंबर 2026 को रिलीज किया जाएगा। इस ट्रैक को टी-सीरीज पेश कर रही है। गाने में रवि किशन के वायरल डायलॉग को ही सेंटर में रखा गया है और इसे सोशल मीडिया पर चल रहे मीम कल्चर के हिसाब से तैयार किया गया है।

रवि किशन के लिए यह वायरल दौर उनकी हालिया फिल्म ‘मिर्जापुर: द मूवी’ की रिलीज के बीच आया है, जिसमें वह बब्बन बबुआ के किरदार में नजर आए हैं। ऐसे में उनका वायरल डायलॉग अब गाने के रूप में सामने आना सोशल मीडिया पर उनके बढ़ते क्रेज को और दिलचस्प बना रहा है।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *