‘हैरी पॉटर’। ‘हैरी पॉटर’ के नए टीवी सीरीज को लेकर फैंस का उत्साह और बढ़ गया है। HBO ने सीरीज के दूसरे सीजन के लिए कई अहम किरदारों की कास्टिंग का ऐलान कर दिया है। बिली बैरेट युवा टॉम रिडल, लेनी रश डॉबी और बॉनी हिल गिन्नी वीज्ली की भूमिका में नजर आएंगी।
सीरीज का दूसरा सीजन जे.के. रोलिंग की दूसरी किताब ‘हैरी पॉटर एंड द चैंबर ऑफ सीक्रेट्स’ की कहानी पर आधारित होगा। इन नए किरदारों की एंट्री के साथ हॉगवर्ट्स की कहानी में नए रहस्य और रोमांच देखने को मिलेंगे।
बिली बैरेट निभाएंगे यंग टॉम रिडल
युवा टॉम रिडल की भूमिका के लिए बिली बैरेट को चुना गया है। टॉम रिडल वही किरदार है जो आगे चलकर खतरनाक डार्क विजार्ड लॉर्ड वोल्डेमॉर्ट बनता है। बैरेट ने महज 13 वर्ष की उम्र में ‘रिस्पॉन्सिबल चाइल्ड’ में अपने अभिनय के लिए इंटरनेशनल एमी अवॉर्ड जीतकर पहचान बनाई थी।
इस कास्टिंग को खास माना जा रहा है, क्योंकि नए सीजन में टॉम रिडल की कहानी हॉगवर्ट्स के अतीत और उसके रहस्यमयी इतिहास से जुड़े महत्वपूर्ण घटनाक्रम सामने ला सकती है।
डॉबी के रूप में नजर आएंगे लेनी रश
हैरी पॉटर के सबसे लोकप्रिय किरदारों में शामिल डॉबी द हाउस-एल्फ की भूमिका लेनी रश निभाएंगे। डॉबी दूसरे साल में हैरी को हॉगवर्ट्स वापस जाने से रोकने की कोशिश करता है और बाद में उसका वफादार सहयोगी बन जाता है।
डॉबी को पर्दे पर किस तरह पेश किया जाएगा, इसे लेकर भी फैंस में उत्सुकता है।
बॉनी हिल बनीं नई गिन्नी वीज्ली
बॉनी हिल सीजन 2 से गिन्नी वीज्ली की भूमिका निभाएंगी। पहले सीजन में यह किरदार ग्रेसी कोचरन निभा रही हैं, लेकिन वह आगे के सीजन में इस भूमिका के लिए वापस नहीं आएंगी। HBO ने उनके बाहर होने को ‘अनपेक्षित परिस्थितियों’ से जुड़ा बताया था।
पहला सीजन क्रिसमस पर होगा रिलीज
HBO की नई ‘हैरी पॉटर’ सीरीज का पहला सीजन ‘हैरी पॉटर एंड द फिलॉसफर्स स्टोन’ की कहानी पर आधारित है और इसका प्रीमियर 25 दिसंबर 2026 को होना तय है। इसमें डॉमिनिक मैकलॉघलिन, अरेबेला स्टैंटन और अलास्टेयर स्टाउट क्रमशः हैरी पॉटर, हर्मियोनी ग्रेंजर और रॉन वीज्ली की भूमिका में नजर आएंगे।
पहले सीजन के प्रसारण से पहले ही दूसरे सीजन की कास्टिंग सामने आने से फैंस के बीच हॉगवर्ट्स की इस नई दुनिया को लेकर उत्सुकता काफी बढ़ गई है।