एनटीपीसी कोरबा की सातों इकाइयां बंद, छत्तीसगढ़ समेत कई राज्यों में बिजली संकट

कोरबा। एनटीपीसी कोरबा पावर प्लांट की सभी सातों उत्पादन इकाइयां इलेक्ट्रिकल खराबी के कारण बंद हो गई हैं। शनिवार सुबह तक तकनीकी समस्या को पूरी तरह ठीक नहीं किया जा सका था। सातों इकाइयों के बंद होने से छत्तीसगढ़ के साथ-साथ दूसरे राज्यों में भी बिजली आपूर्ति प्रभावित हुई है।

जानकारी के मुताबिक, पावर ग्रिड कॉरपोरेशन द्वारा ब्रेकर की जांच के दौरान आई इलेक्ट्रिकल खराबी के कारण प्लांट की सभी इकाइयां एक साथ ट्रिप हो गईं। इसके बाद बिजली उत्पादन पूरी तरह ठप हो गया। फिलहाल संयंत्र में खराबी दूर करने और इकाइयों को दोबारा चालू करने का काम जारी है।

एक-एक कर शुरू की जाएंगी इकाइयां

प्लांट की सभी सातों इकाइयों को एक साथ चालू करने के बजाय चरणबद्ध तरीके से एक-एक कर शुरू किया जाएगा। अधिकारियों को उम्मीद है कि बहाली की प्रक्रिया देर रात तक पूरी हो सकती है।

एनटीपीसी कोरबा की कुल स्थापित क्षमता करीब 2,600 मेगावाट है। इसमें 500 मेगावाट की चार इकाइयां और 200 मेगावाट की तीन इकाइयां शामिल हैं। सभी इकाइयों के बंद होने से बिजली उत्पादन पर बड़ा असर पड़ा है।

एनटीपीसी कोरबा की जनसंपर्क अधिकारी उषा घोष ने बताया कि बंद इकाइयों को सुधारने का काम लगातार जारी है। उन्होंने कहा कि स्थिति को लेकर शाम तक अपडेट दिया जाएगा।

फिलहाल तकनीकी टीम बिजली उत्पादन बहाल करने में जुटी है और इकाइयों के क्रमवार शुरू होने के बाद ही बिजली आपूर्ति सामान्य होने की स्थिति स्पष्ट होगी।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *