7 सितंबर को भाजपा का बड़ा सम्मेलन, सीएम साय और सांसद तोखन साहू होंगे शामिल

रायपुर। भारतीय जनता पार्टी ओबीसी मोर्चा के तत्वावधान में 7 सितंबर को रायपुर के पं. दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम, साइंस कॉलेज परिसर में प्रबुद्धजन सम्मान एवं कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे, जबकि केंद्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू सम्मेलन की अध्यक्षता करेंगे। प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय मुख्य वक्ता होंगे।

भाजपा ओबीसी मोर्चा के प्रदेश महामंत्री अशोक सिन्हा ने बताया कि सम्मेलन का उद्देश्य समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले प्रबुद्धजनों का सम्मान करना और पार्टी कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा एवं उत्साह का संचार करना है।

उन्होंने कहा कि कार्यक्रम के जरिए सामाजिक सहभागिता को मजबूत करने, प्रबुद्ध वर्ग और संगठन के बीच संवाद को प्रभावी बनाने तथा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में चल रहे ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने पर जोर दिया जाएगा।

कई वरिष्ठ नेता रहेंगे मौजूद

सम्मेलन में उपमुख्यमंत्री अरुण साव, कैबिनेट मंत्री ओपी चौधरी, श्यामबिहारी जायसवाल, लक्ष्मी राजवाड़े और टंकराम वर्मा समेत कई वरिष्ठ जनप्रतिनिधि शामिल होंगे। इसके अलावा भाजपा के प्रदेश एवं जिला पदाधिकारी और विभिन्न सामाजिक क्षेत्रों से जुड़े प्रबुद्धजन भी कार्यक्रम में उपस्थित रहेंगे।

आयोजकों के मुताबिक, सम्मेलन में शिक्षा, चिकित्सा, प्रशासन, व्यवसाय, सामाजिक सेवा, कृषि और संस्कृति सहित विभिन्न क्षेत्रों में योगदान देने वाले लोगों का सम्मान किया जाएगा। रायपुर संभाग के विभिन्न जिलों से भाजपा ओबीसी मोर्चा के पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी बड़ी संख्या में शामिल होंगे।

कार्यक्रम को लेकर आमंत्रण, अतिथि समन्वय, बैठक एवं मंच व्यवस्था, स्वागत, यातायात और कार्यकर्ताओं की सहभागिता से जुड़ी तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *