रायपुर । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के राष्ट्रव्यापी ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान को आगे बढ़ाते हुए छत्तीसगढ़ गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मंडल ने अंबिकापुर से अभियान की शुरुआत की। सरगवां स्थित अटल विहार योजना में पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल के मुख्य आतिथ्य में वृक्षारोपण के साथ बाउंड्रीवाल और ओपन जिम का लोकार्पण किया गया।
मंत्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि ‘एक पेड़ माँ के नाम’ केवल पौधरोपण का कार्यक्रम नहीं, बल्कि मातृशक्ति के सम्मान और प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी का संकल्प है। उन्होंने लोगों से अपनी मां के सम्मान में पौधा लगाने और उसे वृक्ष बनने तक संरक्षण देने की अपील की।
उन्होंने बताया कि प्रदेश में इस अभियान के तहत अब तक सवा सात करोड़ पौधे लगाए जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि सरगवां की कॉलोनी में लंबे समय से बाउंड्रीवाल की मांग की जा रही थी, जिसे अब पूरा कर लोकार्पित किया गया है। पिछले वर्ष लगाए गए पौधे भी कॉलोनीवासियों के संरक्षण से अब वृक्ष का रूप ले रहे हैं।
अन्य आवासीय योजनाओं में भी चलेगा अभियान
गृह निर्माण मंडल के अध्यक्ष अनुराग सिंह देव ने बताया कि अभियान को केवल अंबिकापुर तक सीमित नहीं रखा जाएगा। मंडल की अन्य आवासीय योजनाओं और कॉलोनियों में भी इसे चरणबद्ध तरीके से संचालित किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य आवासीय क्षेत्रों में हरित क्षेत्र को बढ़ावा देने के साथ कॉलोनियों को स्वच्छ, सुंदर और पर्यावरण-अनुकूल बनाना है। पौधरोपण के साथ पौधों के संरक्षण और संवर्धन पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा।
9.70 एकड़ में विकसित हुई 251 भवनों की आवासीय योजना
अटल विहार योजना, सरगवां में मंडल द्वारा 9.70 एकड़ भूमि पर करीब 3859.22 लाख रुपये की लागत से 251 भवनों का निर्माण एवं विकास कराया गया है। इनमें 14 एचआईजी, 12 सीनियर एमआईजी, 40 जूनियर एमआईजी, 63 एलआईजी और 122 ईडब्ल्यूएस भवन शामिल हैं।
योजना के तहत बाउंड्रीवाल और डब्ल्यूएमएम सड़क सहित अन्य निर्माण एवं विकास कार्य भी पूरे किए गए हैं। इन सुविधाओं के शुरू होने से कॉलोनीवासियों को बेहतर आवासीय वातावरण और मूलभूत सुविधाएं मिलेंगी।
बच्चों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश
कार्यक्रम में कॉलोनी के बच्चों ने वृक्षों के महत्व और पर्यावरण संरक्षण पर आधारित सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। बच्चों की प्रस्तुतियों ने ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के संदेश को प्रभावी ढंग से लोगों तक पहुंचाया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता सरगुजा सांसद चिंतामणी महाराज ने की। इस अवसर पर अंबिकापुर महापौर मंजूषा भगत, जिला पंचायत अध्यक्ष निरुपा सिंह, नगर निगम अंबिकापुर के सभापति हरमिन्दर सिंह टिन्नी, जिला पंचायत सदस्य दिव्या सिंह सिसोदिया, भारत सिंह सिसोदिया, अखिलेश सोनी सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और कॉलोनीवासी मौजूद रहे।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनके संरक्षण के साथ ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान को जनभागीदारी के माध्यम से आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।