दंतेवाड़ा | छत्तीसगढ़ शासन के स्कूल शिक्षा, ग्रामोद्योग, विधि एवं विधायी कार्य मंत्री गजेंद्र यादव की अध्यक्षता में दंतेवाड़ा के नवीन विश्राम गृह में जिले के सभी पोटा केबिन आवासीय विद्यालयों, पोटा केबिन हाई स्कूल छात्रावासों और कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालयों के अधीक्षकों की एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में आवासीय संस्थाओं की शैक्षणिक व्यवस्था के साथ-साथ बच्चों के आवास, भोजन, स्वास्थ्य, स्वच्छता, सुरक्षा, पेयजल और विद्युत जैसी मूलभूत सुविधाओं की गहन समीक्षा की गई।
बैठक के प्रमुख निर्देश और बिंदु:
-
संस्था को अपना घर समझें: शिक्षा मंत्री श्री यादव ने अधीक्षकों को कड़े निर्देश देते हुए कहा कि वे छात्रावासों को अपनी संस्था या नौकरी न समझकर अपना घर और वहां रहने वाले बच्चों को अपने बच्चों की तरह मानकर कार्य करें। उन्होंने अधीक्षकों को परिसर में ही निवास करने और बच्चों के बीच नियमित रूप से उपस्थित रहकर उनकी समस्याओं को संवेदनशीलता से सुलझाने को कहा।
-
दैनिकचर्या और शैक्षणिक कैलेंडर: प्रत्येक संस्था में शासन द्वारा निर्धारित समय-सारणी और शैक्षणिक कैलेंडर का सख्ती से पालन कराने के निर्देश दिए गए। प्रार्थना के दौरान मंत्रोच्चार और अमृतवाणी विचार का वाचन कराने के साथ खेलकूद और अध्ययन की सुव्यवस्थित दिनचर्या सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।
-
स्वास्थ्य और पोषण पर विशेष ध्यान: बच्चों के स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए बीमार होने पर तत्काल उपचार और जरूरत पड़ने पर उच्च स्वास्थ्य संस्थान में रेफर करने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा, निर्धारित मीनू के अनुसार गुणवत्तापूर्ण, पौष्टिक, स्वच्छ और गर्म भोजन उपलब्ध कराने तथा रसोईघर व खाद्य भंडारण की नियमित निगरानी के आदेश दिए गए।
-
औचक निरीक्षण दल का गठन: मंत्री ने जिला प्रशासन को आवासीय संस्थाओं के नियमित और औचक निरीक्षण के लिए अधिकारियों का एक दल गठित करने को कहा। यह दल भवन, छात्रावास, रसोईघर, शौचालय, पेयजल और सुरक्षा व्यवस्थाओं की जांच कर कमियों का समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करेगा।
बैठक में स्थानीय विधायक चैतराम अटामी, जिला पंचायत अध्यक्ष नंदलाल मुड़ामी, जिला पंचायत उपाध्यक्ष अरविंद कुंजाम, कलेक्टर देवेश कुमार ध्रुव, जिला पंचायत सीईओ एम. भार्गव, संयुक्त संचालक शिक्षा बस्तर संभाग एच. आर. सोम सहित शिक्षा विभाग के तमाम वरिष्ठ अधिकारी और सभी आवासीय संस्थाओं के अधीक्षक उपस्थित रहे।