कवर्धा | छत्तीसगढ़ शासन द्वारा महिलाओं के उत्थान, सशक्तिकरण और उनके उत्कृष्ट कार्यों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से वर्ष 2026 के लिए ‘मिनी माता सम्मान’, ‘वीरांगना रानी अवंतीबाई लोधी स्मृति पुरस्कार’ और ‘माता बहादुर कलारिन सम्मान’ के लिए पात्र एवं इच्छुक महिलाओं से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। इन सभी प्रतिष्ठित पुरस्कारों के तहत चयनित महिला या संस्था को 2 लाख रुपये की नगद राशि एवं प्रशस्ति पट्टिका प्रदान की जाएगी।
पुरस्कारों का विवरण और श्रेणियां:
-
मिनी माता सम्मान (महिला उत्थान): यह सम्मान महिलाओं, विशेष रूप से अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग और अल्पसंख्यक महिलाओं के उत्थान के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाली राज्य की किसी महिला अथवा अशासकीय संस्था को प्रतिवर्ष दिया जाता है।
-
वीरांगना रानी अवंतीबाई लोधी स्मृति पुरस्कार: यह पुरस्कार महिलाओं में वीरता, शौर्य, साहस और आत्मबल को सशक्त करने के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाली राज्य की महिला को प्रदान किया जाता है।
-
माता बहादुर कलारिन सम्मान: महिलाओं के उत्पीड़न के खिलाफ संघर्ष और नारी उत्थान के क्षेत्र में अभूतपूर्व कार्य करने वाली राज्य की महिला को इस सम्मान से प्रोत्साहित किया जाएगा।
आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि और प्रक्रिया: इच्छुक और पात्र महिलाएं निर्धारित प्रारूप में अपने आवेदन 25 सितंबर 2026 को शाम 05:30 बजे तक जिला कार्यालय, महिला एवं बाल विकास विभाग, जिला-कबीरधाम में प्रस्तुत कर सकती हैं। निर्धारित तिथि और समय के बाद प्राप्त होने वाले आवेदनों पर कोई विचार नहीं किया जाएगा। पुरस्कार से संबंधित विस्तृत जानकारी और आवेदन का प्रारूप जिला कार्यक्रम अधिकारी, महिला एवं बाल विकास विभाग के सूचना पटल के साथ-साथ जिले की आधिकारिक वेबसाइट पर भी उपलब्ध है।