गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही | जिले में खनिजों के अवैध उत्खनन और परिवहन के खिलाफ खनिज विभाग ने सख्त कार्रवाई करते हुए चार ट्रैक्टर वाहनों को जब्त किया है। यह कार्रवाई अवैध रूप से ले जाए जा रहे रेत और ईंट निर्माण के लिए मिट्टी के परिवहन पर की गई है।
कार्रवाई का विवरण विभागीय टीम ने ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए सिलपहरी क्षेत्र से रेत का अवैध परिवहन कर रहे 3 ट्रैक्टर वाहनों को पकड़ा, जबकि ज्योतिपुर तिराहा के पास ईंट निर्माण हेतु मिट्टी का अवैध परिवहन करते हुए 1 ट्रैक्टर वाहन को पकड़ा गया। जप्त किए गए सभी चारों वाहनों को सुरक्षित अभिरक्षा में रखवाया गया है, जिनमें से 3 ट्रैक्टरों को अमरपुर थाना परिसर और 1 ट्रैक्टर को नगर सैनिक परिसर में खड़ा किया गया है।
प्रशासन की सख्त चेतावनी कलेक्टर श्री विजय दयाराम के. ने जिले में प्राकृतिक संसाधनों के अवैध दोहन पर प्रभावी नियंत्रण पाने के लिए अधिकारियों को लगातार निगरानी रखने और कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया है कि अवैध गतिविधियों को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जब्ती की इस पूरी कार्रवाई में खनि निरीक्षक श्री सुजीत कंवर, श्री शिवकुमार लहरे, श्री सतीश साहू और सैनिक साहिब गनी शामिल रहे। खनिज विभाग द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक, जब्त वाहनों के मालिकों के विरुद्ध खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम, 1957 की धारा 21(5) एवं 23(क) के तहत नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।