जशपुर में पहली अखिल भारतीय शतरंज प्रतियोगिता का समापन, कौस्तुव कुंडू बने विजेता; यशद बम्बेश्वर दूसरे स्थान पर

रायपुर । जशपुर में पहली बार आयोजित ‘चेकमेट एट जशपुर अखिल भारतीय ओपन फिडे रेटेड शतरंज प्रतियोगिता 2026’ का सफल समापन हुआ। चार दिवसीय प्रतियोगिता में पश्चिम बंगाल के कौस्तुव कुंडू ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ओवरऑल विजेता का खिताब अपने नाम किया। छत्तीसगढ़ के यशद बम्बेश्वर ने दूसरा और महाराष्ट्र के केदार ओंकार ने तीसरा स्थान हासिल किया।

पुरानी टोली स्थित कम्युनिटी हॉल में 29 अगस्त से 1 सितंबर तक आयोजित प्रतियोगिता में देश के 12 राज्यों के 164 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। खिलाड़ियों ने रणनीतिक क्षमता, एकाग्रता और खेल कौशल का प्रदर्शन करते हुए मुकाबलों को रोमांचक बनाया।

विजेता खिलाड़ियों को किया गया सम्मानित

समापन समारोह में मुख्य अतिथि विधायक श्रीमती रायमुनी भगत सहित अन्य अतिथियों ने विभिन्न आयु वर्ग और श्रेणियों के विजेता एवं उपविजेता खिलाड़ियों को ट्रॉफी और पुरस्कार राशि के चेक प्रदान कर सम्मानित किया। प्रतियोगिता का आयोजन जिला प्रशासन, खेल विभाग और जशपुर जिला शतरंज संघ के संयुक्त तत्वावधान में किया गया।

‘शतरंज संयम और अनुशासन की सीख देता है’

विधायक श्रीमती रायमुनी भगत ने प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए जिला प्रशासन, खेल विभाग और शतरंज संघ को बधाई दी। उन्होंने खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि शतरंज केवल मनोरंजन का खेल नहीं है, बल्कि यह संयम, एकाग्रता, अनुशासन और बुद्धिकौशल विकसित करने का प्रभावी माध्यम है।

उन्होंने कहा कि जीवन में आने वाली कठिन परिस्थितियों का सामना बुद्धिकौशल, अनुशासन और संयम के साथ करना चाहिए। शतरंज भी खिलाड़ियों को समय की कद्र करने और सोच-समझकर निर्णय लेने की महत्वपूर्ण सीख देता है।

अलग-अलग वर्गों में खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम

प्रतियोगिता के विभिन्न वर्गों में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। सीनियर सिटीजन वर्ग में जवाहरलाल गुप्ता विजेता और सेनगुप्ता दीपांकर उपविजेता रहे।

सरगुजा डिवीजन महिला वर्ग में सिन्हा कशिश ने पहला और श्वेता रानी ने दूसरा स्थान हासिल किया। सरगुजा डिवीजन पुरुष वर्ग में रुद्राक्ष सिंह विजेता और यशवंत सिंह उपविजेता रहे।

जशपुर महिला वर्ग में हेमलता प्रजापति प्रथम और प्रेमलता साहू द्वितीय रहीं, जबकि जशपुर पुरुष वर्ग में एलान लकड़ा ने पहला और श्याम सिंह ने दूसरा स्थान प्राप्त किया।

30 वर्ष से अधिक महिला वर्ग में आरती पावले प्रथम और लक्ष्मी शुक्ला द्वितीय रहीं। अंडर-15 वर्ग में ईशान सैनी प्रथम और गर्व केरकेट्टा द्वितीय रहे। अंडर-13 में शिल्प कुमार घोड़ेश्वर ने पहला और विराट यादव ने दूसरा स्थान हासिल किया।

अंडर-11 वर्ग में वी. विराट अय्यर प्रथम और कुशाग्र दीक्षित द्वितीय रहे। अंडर-09 वर्ग में आद्विक भूषण प्रथम और हृदान मावलंकर द्वितीय रहे।

महिला वर्गों में एफ-15$ श्रेणी में प्राची यादव प्रथम और भगत कोमल द्वितीय रहीं। एफ-15 वर्ग में अभिश्री वत्स ने पहला स्थान हासिल किया। एफ-13 वर्ग में नैना भगत प्रथम रहीं। एफ-11 वर्ग में सावी गौरी प्रथम और अनिका रेड्डी गोलुगुरी द्वितीय रहीं। एफ-09 वर्ग में परीक्षिता दुबे प्रथम और श्रीनिका रेड्डी गोलुगुरी द्वितीय रहीं।

जशपुर में मजबूत हुई शतरंज की पहचान

अखिल भारतीय स्तर की इस प्रतियोगिता के सफल आयोजन से जशपुर में शतरंज खेल को नई पहचान मिली। प्रतियोगिता ने स्थानीय खिलाड़ियों को देशभर से आए प्रतिभाशाली खिलाड़ियों के साथ प्रतिस्पर्धा करने का अवसर दिया। साथ ही, जिले में खेल संस्कृति को मजबूत करने की दिशा में भी इसे महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।

समापन समारोह में नगर पालिका अध्यक्ष श्री अरविंद भगत, जनपद पंचायत अध्यक्ष श्री गंगाराम भगत, कलेक्टर श्री रोहित व्यास सहित खिलाड़ी, शतरंज प्रेमी और बड़ी संख्या में दर्शक मौजूद रहे।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *