रायपुर । मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के निर्देश और नेतृत्व में जशपुर जिले के ग्रामीण एवं सुदूर क्षेत्रों में सड़क अधोसंरचना को मजबूत करने की दिशा में राज्य सरकार ने एक और महत्वपूर्ण कदम उठाया है। वर्ष 2025-26 के बजट में शामिल खरकट्टा से कोडेकेला पहुंच मार्ग के निर्माण के लिए 6 करोड़ 30 लाख 81 हजार रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की गई है।
स्वीकृत परियोजना के तहत 6.20 किलोमीटर लंबी सड़क का पुल-पुलिया सहित निर्माण किया जाएगा। सड़क बनने से ग्रामीण क्षेत्रों की मुख्य मार्गों से कनेक्टिविटी बेहतर होगी और लोगों को पूरे वर्ष सुगम एवं सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिलेगी। खासकर बारिश के मौसम में जलभराव और आवागमन बाधित होने की समस्या से राहत मिलने की उम्मीद है।
कृषि, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं तक आसान होगी पहुंच
खरकट्टा-कोडेकेला मार्ग के निर्माण से क्षेत्र के किसानों को अपनी कृषि उपज बाजार तक पहुंचाने में सुविधा होगी। वहीं विद्यार्थियों के लिए शिक्षण संस्थानों तक आवागमन आसान होगा। मरीजों और उनके परिजनों को स्वास्थ्य केंद्रों तक पहुंचने में भी सहूलियत मिलेगी।
सड़क संपर्क मजबूत होने से स्थानीय व्यापारिक गतिविधियों और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी गति मिलने की संभावना है। पुल-पुलिया सहित निर्माण होने से वर्षा ऋतु में भी आवागमन सुचारू बनाए रखने में मदद मिलेगी।
ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क नेटवर्क मजबूत करने पर जोर
राज्य सरकार द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों को बेहतर सड़क नेटवर्क से जोड़ने को प्राथमिकता दी जा रही है। सरकार का मानना है कि मजबूत सड़कें गांवों को मुख्य मार्गों से जोड़ने के साथ-साथ शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, कृषि और व्यापार जैसी जरूरी सेवाओं तक लोगों की पहुंच आसान बनाती हैं।
क्षेत्रवासियों ने जताया मुख्यमंत्री का आभार
खरकट्टा से कोडेकेला मार्ग के निर्माण के लिए मिली स्वीकृति पर क्षेत्रवासियों ने मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार व्यक्त किया है। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क निर्माण से लंबे समय से चली आ रही आवागमन संबंधी समस्याओं का समाधान होगा और क्षेत्र में विकास की गतिविधियों को नई गति मिलेगी।
क्षेत्रवासियों ने उम्मीद जताई कि सड़क परियोजना के पूरा होने के बाद गांवों के बीच संपर्क बेहतर होगा और कृषि, व्यापार, शिक्षा एवं रोजगार से जुड़ी गतिविधियों को भी लाभ मिलेगा।